
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
चोपन/सोनभद्र। प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तहसील एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों द्वारा विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया।उपजिलाधिकारी ओबरा रवि कुमार ने उच्च प्राथमिक विद्यालय बिल्ली मारकुंडी एवं प्राथमिक विद्यालय बिल्ली-2 का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, विद्यालय परिसर की साफ-सफाई तथा मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों को निर्धारित मेनू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने, रसोईघर की नियमित साफ-सफाई रखने तथा शौचालय एवं मूत्रालयों को स्वच्छ रखने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान दोनों विद्यालयों में शैक्षणिक परिवेश संतोषजनक पाया गया। अधिकारियों ने विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाए रखने के साथ-साथ स्वच्छता एवं विद्यार्थियों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।इसी अभियान के तहत खंड विकास अधिकारी चोपन अजीत कुमार यादव ने प्राथमिक विद्यालय वर्दियां एवं प्राथमिक विद्यालय चुनहिया टोला का निरीक्षण किया। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी चोपन लोकेश मिश्रा ने प्राथमिक विद्यालय करगरा एवं प्राथमिक विद्यालय करगरा पश्चिमी टोला का निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।अधिकारियों ने कहा कि विद्यालयों की व्यवस्थाओं में सुधार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा। इस दौरान विद्यालयों में छात्र उपस्थिति, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं शैक्षणिक वातावरण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।

