
संवाददाता। विशाल गुप्ता।
साइबर ठगी के शिकार युवक को मिली राहत, पुलिस की तत्परता से खाते में वापस आई पूरी धनराशि
बीजपुर (सोनभद्र)। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बीजपुर पुलिस की साइबर टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए ऑनलाइन ठगी के शिकार एक युवक की पूरी धनराशि 37,731.20 रुपये उसके मूल बैंक खाते में वापस करा दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीजपुर थाना क्षेत्र के अंजानी गांव निवासी सौरभ मजूमदार पुत्र निर्मल मजूमदार के साथ अज्ञात व्यक्ति द्वारा लिंक के माध्यम से पैसे भेजने के दौरान साइबर धोखाधड़ी की गई थी। इस दौरान उनके खाते से 37,731.20 रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र द्वारा साइबर अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी के दिशा-निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक बीजपुर के नेतृत्व में थाना बीजपुर की साइबर टीम ने मामले को गंभीरता से लिया। टीम ने NCRP पोर्टल के माध्यम से शिकायत की जांच की और ठगी की गई धनराशि को होल्ड कराया। इसके बाद आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर संबंधित बैंक को MRM पोर्टल के माध्यम से रिफंड रिक्वेस्ट भेजी गई। पुलिस टीम के अथक प्रयास से पूरी धनराशि 37,731.20 रुपये पीड़ित के मूल बैंक खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दी गई।
अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर पीड़ित सौरभ मजूमदार ने बीजपुर पुलिस की साइबर टीम की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
धनराशि वापस कराने वाली पुलिस टीम में शामिल रहे:
- अविनाश कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक, थाना बीजपुर।
- उपनिरीक्षक कमलाकान्त पाण्डेय।
- कांस्टेबल सरोज अमितकुमार श्रीकृष्ण, साइबर हेल्प डेस्क।
- महिला कांस्टेबल निहारिका पाण्डेय, साइबर हेल्प डेस्क।
पुलिस की अपील: साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देर किए तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा आधिकारिक वेबसाइट cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही नजदीकी थाने में भी सूचना दें, ताकि समय रहते ठगी की धनराशि को होल्ड कराकर वापस कराने की कार्रवाई की जा सके।