
संवाददाता। राजन जायसवाल।
ग्रामीणों के अनुसार रात में जुआ खेलने की बात आई सामने, पुलिस कर रही मामले की जांच
कोन, सोनभद्र। थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 35 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कुएं में मिला। मृतक की पहचान प्रदीप कनौजिया पुत्र जोखन कनौजिया, निवासी संबंधित गांव के रूप में हुई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक का माहौल है।

ग्रामीणों के अनुसार, प्रदीप कनौजिया रविवार की रात जुआ खेलने के लिए घर से निकले थे। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटे। सोमवार की सुबह उनका शव कुएं में मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, हालांकि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो सकी है।
सूचना मिलने पर कोन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्र ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
मृतक अपने पीछे दो बच्चों को छोड़ गया है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अब परिजनों और ग्रामीणों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे युवक की संदिग्ध मौत की असल वजह सामने आ सके।
