जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार के बेटे एवं बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार शादी के बारे में सवाल सुनते ही मुस्कुरा दिए और वहां से चल दिए। उनका यह रिएक्शन सोशल मीडिया पर ट्रेंड होने लगा है।
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से जब शादी के बारे में सवाल किया गया तो उनका रिएक्शन वायरल हो गया। एक महिला पत्रकार ने उनसे पूछा कि क्या वह मार्च में शादी करने जा रहे हैं? यह सवाल सुनते ही निशांत मुस्कुरा दिए और वहां से चल दिए। निशांत, जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के बेटे हैं। नीतीश के सीएम पद छोड़ने के फैसले के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा था और सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली बिहार सरकार में वह स्वास्थ्य मंत्री का अहम पद संभाल रहे हैं।
निशांत कुमार ने पटना स्थित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) में गुरुवार को कई आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने एक-एक सवाल का बेबाकी से जवाब दिया। अंत में एक महिला पत्रकार ने निशांत से कहा कि वह आखिर में ऐसा सवाल पूछना चाहती हैं, जो सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगेगा।
पत्रकार ने निशांत से पूछा, “हवा में कानाफूसी चल रही है कि वह (निशांत) मार्च महीने में विवाह के बंधन में बंधने वाले हैं।” यह सवाल सुनते ही निशांत वहां से निकल गए। उन्होंने इस सवाल को मजाक में लिया और मुस्कारते हुए कोई जवाब नहीं दिया। निशांत से शादी के बारे में सवाल पूछे जाने पर वहां मौजूद अन्य अधिकारी और पत्रकार भी हंसने लगे। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
निशांत ने अब तक नहीं की है शादी
बता दें कि निशांत कुमार 45 साल के हैं और अब तक अविवाहित हैं। उनके पिता नीतीश कुमार लगभग 2 दशक तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे। इतने सालों तक निशांत सक्रिय राजनीति से दूर ही रहे। जब नीतीश ने बिहार के सीएम पद छोड़ने का फैसला लिया तो मार्च 2026 में निशांत ने राजनीति में कदम रखा। उन्होंने सबसे पहले जेडीयू की सदस्यता ली। उसके बाद पार्टी के क्रियाकलाप को जमीनी स्तर पर समझने के लिए कार्यकर्ताओं से संवाद और बैठकें कीं।
7 मई 2026 को निशांत कुमार को सम्राट कैबिनेट में शामिल किया गया। वह जेडीयू कोटा से स्वास्थ्य मंत्री बनाए गए। पहले सम्राट सरकार में निशांत के डिप्टी सीएम बनने की अटकलें चली थीं। फिर खबर आई कि खुद निशांत ने ही उपमुख्यमंत्री बनने से इनकार कर दिया था। इसके बाद जेडीयू के दो वरीय नेताओं विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को डिप्टी सीएम बनाया गया।
कॉलेज ड्रॉपआउट हैं निशांत
निशांत कुमार ने इंटर तक की पढ़ाई की है और कॉलेज ड्रॉपआउट हैं। जून 2026 में एमएलसी चुनाव के दौरान दिए हलफनामे में उन्होंने बताया कि 12वीं के बाद उन्होंने रांची स्थित बीआईटी मेसरा में बीटेक कोर्स में एडमिशन लिया था। हालांकि, 5 सेमेस्टर करने के बाद उन्होंने पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी थी।



