भीषण गर्मी के बीच बढ़ते बिजली बिल से राहत देने के लिए केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों की छत पर सोलर पैनल लगाने पर 78,000 रुपए तक की सब्सिडी और हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ मिलता है। जानें कैसे करें अप्लाई?
भीषण गर्मी और उमस के बीच लोग राहत के लिए एसी, कूलर और फ्रिज का जमकर इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में बढ़ते बिजली बिल की चिंता भी लोगों को सता रही है। लेकिन प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना (PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana) से जुड़े लाखों परिवार इस चिंता से काफी हद तक मुक्त हैं। इस योजना के तहत घर की छत पर सोलर पैनल लगवाने पर सरकार सब्सिडी देती है और हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ मिलता है। सब्सिडी सौर पैनल की लागत का 40% तक का कवर करती है।
क्या है पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 फरवरी 2024 में इस योजना की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य देश के 1 करोड़ घरों में रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाना है। अब तक करीब 27 लाख घर इस योजना से लाभान्वित हो चुके हैं।
कितनी मिलेगी सब्सिडी?
योजना के तहत सोलर पैनल की क्षमता के अनुसार सब्सिडी दी जाती है।
1 किलोवाट सिस्टम पर- 30,000 रुपए
2 किलोवाट सिस्टम पर- 60,000 रुपए
3 किलोवाट या अधिक सिस्टम पर- 78,000 रुपए
सब्सिडी की राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाती है या लोन लेने पर लोन खाते में समायोजित की जाती है।
राज्यों से भी मिल सकती है अतिरिक्त सहायता
कुछ राज्य केंद्र सरकार की सब्सिडी के अलावा अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी देते हैं। उदाहरण के तौर पर उत्तर प्रदेश में 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सोलर सिस्टम पर 30,000 रुपए की अतिरिक्त सब्सिडी मिलती है। ऐसे में कुल सब्सिडी 1.08 लाख रुपए तक पहुंच सकती है।
बिजली खपत के अनुसार सोलर सिस्टम
0–150 यूनिट मासिक खपत के लिए 1–2 किलोवाट का सिस्टम उपयुक्त रहता है।
इस कैटेगरी में 30,000 से 60,000 रुपए तक की सब्सिडी मिल सकती है।
अगर सोलर पैनल लगाने के लिए लोन की जरूरत हो तो योजना की टोल-फ्री हेल्पलाइन 15555 पर संपर्क किया जा सकता है।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
https://pmsuryaghar.gov.in पर जाएं।
‘Apply for Rooftop Solar’ विकल्प चुनें।
अपना राज्य और बिजली वितरण कंपनी (DISCOM) चुनें।
उपभोक्ता संख्या, मोबाइल नंबर और ईमेल दर्ज करें।
लॉगिन कर आवेदन फॉर्म भरें।
फीजिबिलिटी अप्रूवल मिलने के बाद DISCOM के पंजीकृत विक्रेता से सोलर पैनल लगवाएं।
इंस्टॉलेशन के बाद नेट मीटर के लिए आवेदन करें।
निरीक्षण और कमीशनिंग सर्टिफिकेट जारी होने के बाद बैंक विवरण और कैंसिल चेक पोर्टल पर अपलोड करें।
सब्सिडी की राशि सीधे आपके बैंक खाते में जमा कर दी जाएगी।
योजना के क्या हैं लाभ?
घरों के लिए मुफ्त बिजली
सरकार के लिए बिजली की लागत में कमी
नवीनीकरण ऊर्जा का उपयोग बढ़ाना
कार्बन उत्सर्जन में कमी


