लुकवासा चौकी क्षेत्र में रविवार को एनएच-46 स्थित जैन भोजनालय के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब देवास पुलिस की हिरासत में ले जाए जा रहे तीन आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को दोबारा पकड़ लिया, जबकि मुख्य आरोपी लल्ला जाटव पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा।
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में पुलिस की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां के लुकवासा चौकी क्षेत्र में रविवार को एनएच-46 स्थित जैन भोजनालय के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब देवास पुलिस की हिरासत में ले जाए जा रहे तीन आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को दोबारा पकड़ लिया, जबकि मुख्य आरोपी लल्ला जाटव पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
देवास ले जा रही थी पुलिस
जानकारी के अनुसार, ग्वालियर जिले के जलालपुर निवासी एक विवाहिता, जिसकी शादी देवास जिले में हुई थी और उसका एक मासूम बच्चा भी है, अपने प्रेमी लल्ला जाटव के साथ घर से चली गई थी। इस संबंध में महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट देवास जिले के बरोठा थाना में दर्ज की गई थी। जांच के दौरान देवास पुलिस ने झांसी जिले के मोठ क्षेत्र से महिला, उसके मासूम बच्चे, मुख्य आरोपी लल्ला जाटव और उसके दो साथियों को हिरासत में लिया। इसके बाद पुलिस सभी को सरकारी वाहन से देवास लेकर जा रही थी।
पेशाब के बहाने रोकी थी गाड़ी
रास्ते में लुकवासा चौकी क्षेत्र के एनएच-46 स्थित जैन भोजनालय पर आरोपियों ने चाय पीने के लिए वाहन रुकवाने की बात कही। चाय पीने के बाद तीनों ने शौचालय और पेशाब जाने का बहाना बनाया। जैसे ही पुलिस ने उन्हें झाड़ियों की ओर जाने दिया, तीनों अचानक खेतों की तरफ दौड़ पड़े।आरोपियों को भागता देख देवास पुलिस के जवान तुरंत उनके पीछे दौड़े। मौके पर मौजूद गौ सेवकों और अन्य लोगों ने भी पुलिस की मदद करते हुए आरोपियों का पीछा किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को दोबारा पकड़ लिया, लेकिन मुख्य आरोपी लल्ला जाटव मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही लुकवासा चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद देवास पुलिस पकड़े गए दोनों आरोपियों, महिला और उसके मासूम बच्चे को साथ लेकर देवास रवाना हो गई, जबकि फरार आरोपी लल्ला जाटव की तलाश के लिए पुलिस द्वारा सर्च अभियान जारी है।



