
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
डाला/सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के गुरमुरा स्थित वाराणसी-शक्तिनगर राज्य मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में डीजे उपकरण से लदी मैजिक वाहन खड़े अज्ञात वाहन से पीछे से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि मैजिक वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में डीजे वाहन पर सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार दुद्धी क्षेत्र के नगवा गांव में बारात कार्यक्रम में डीजे सेवा देने के बाद मैजिक वाहन रॉबर्ट्सगंज की ओर लौट रही थी। इसी दौरान गुरमुरा स्थित जय गुरुदेव आश्रम के समीप सड़क किनारे खड़े अज्ञात वाहन से मैजिक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चंदन (42 वर्ष) पुत्र राजकुमार निवासी चुर्क की हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं दुर्घटना में घायल शिवा (21 वर्ष) पुत्र राजमन निवासी छपका तथा विनय कुमार (21 वर्ष) पुत्र शिव प्रसाद निवासी गड़वांल को मामूली चोटें आईं। उपचार के बाद दोनों को घर भेज दिया गया। हादसे की सूचना पर चोपन थाना के उपनिरीक्षक विनोद यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों के सहयोग से ट्रैक्टर की मदद से क्षतिग्रस्त केबिन को खींचकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। लेकिन तब तक दो लोगों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतकों की पहचान मनोज कुमार मौर्य (32 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय रामध्यान मौर्य निवासी लोढ़ी, आरटीओ कार्यालय के पास तथा श्याम बाबू पुत्र रामदुलारे निवासी छपका के रूप में हुई है। बताया गया कि मनोज कुमार की दो बेटियां हैं, जबकि श्याम बाबू अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद कुछ समय तक राजमार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने यातायात को सुचारु कराते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।