
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र अंतर्गत भवर गांव के रंपाकुरर में बिजली विभाग की लापरवाही के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। खराब ट्रांसफार्मर को लंबे समय से न बदले जाने से नाराज ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया और विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले दो महीनों से ट्रांसफार्मर खराब पड़ा है, जिससे दर्जनों घरों में अंधेरा छाया हुआ है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर इस भीषण गर्मी में बिजली न होने से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे आक्रोशित होकर ग्रामीण सड़कों पर उतर आए और विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। मामले की सूचना मिलने के बाद संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया है। हालांकि, अब देखना होगा कि ग्रामीणों की समस्या कब तक दूर होती है।