
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में वाराणसी–शक्तिनगर राजमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना लोढ़ी चौकी अंतर्गत टाटा मोटर्स एजेंसी के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, एक चार पहिया वाहन में सवार बाराती खलियारी बैनी रायपुर से कन्हौरा लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही तीन लोगों ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि वाहन में चालक समेत कुल आठ लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल भिजवाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क किनारे कराकर यातायात बहाल करा दिया है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की याद दिलाता है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।