
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
सोनभद्र। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रीवा–रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाबर गांव के पास अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय ऑटो में चालक सहित कुल 5 लोग सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में सभी सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने चालक विवेक कुमार (30 वर्ष) को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य चार घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।