
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
सोनभद्र। शक्तिनगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। पीडब्ल्यूडी मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आकर एक अज्ञात व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे व्यक्ति को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कोयला और फ्लाई ऐश ढोने वाले भारी वाहनों की तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्रामीण सड़कों पर भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही से आम जनजीवन खतरे में पड़ गया है। आए दिन हो रहे हादसों के बावजूद प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है घटना की सूचना मिलते ही शक्तिनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भारी वाहनों की गति पर सख्त नियंत्रण लगाया जाए और ओवरलोडिंग पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके लगातार हो रहे सड़क हादसे प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं, जिस पर तत्काल ठोस कदम उठाने की जरूरत है।