
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
शुभ हुआ छात्र-छात्राओं का त्योहार, समय पूर्व छात्रवृत्ति का उपहार कार्यक्रम का कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ आयोजन।
पहली बार फरवरी-मार्च के स्थान पर नवरात्र (सितम्बर माह में) छात्रवृत्ति वितरण समारोह के अन्तर्गत प्रदेश में 3 लाख 96 हजार 602 छात्र-छात्राओं को 89 करोड़ 96 लाख रूपये की धनरशि का किया गया हस्तांतरण।
जनपद सोनभद्र में समाज कल्याण पिछड़ा वर्ग कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के कुल 6789 छात्र-छात्राआंे के खाते में 1 करोड़ 65 लाख 63 हजार 409 रूपये छात्रवृत्ति की गयी प्रेषित।
सोनभद्र। मुख्यमंत्री जी द्वारा छात्रवृत्ति वितरण समारोह कार्यक्रम के आयोजन का कलेक्ट्रेट सभागार में सजीव प्रसारण किया गया, इस दौरान मुख्यमंत्री जी द्वारा छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण-पत्र का वितरण लखनऊ में किया गया। कार्यक्रम के सजीव प्रसारण को विधायक घोरावल डाॅ0 अनिल कुमार मौर्या, विधायक सदर भूपेश चैबे, जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष राबर्ट्सगज श्रीमती रूबी प्रसाद, क्षेत्र पंचायत सदस्य चुर्क मोहन कुशवाहा, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह भदौरिया, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नरेन्द्र देव पाण्डेय, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित स्कूल के छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री जी के सम्बोधन का सजीव प्रसारण को देखा। इस दौरान स्कूल के छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण-पत्र का वितरण माव विधायकगण व जिलाधिकारी व नगर पालिका अध्यक्ष के द्वारा किया गया, इस अवसर पर विधायक घोरावल डाॅ0 अनिल कुमार मौर्या ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा आज बच्चों को छात्रवृत्ति की धनराशि उनके खाते में हस्तान्तरित की गयी है, जिससे पुस्तक व शैक्षणिक सामग्री आदि की खरीदारी करते हुए पठन-पाठन के कार्य को करने में सहायता मिल सकेगी। जनपद में बेहतर शिक्षा ग्रहण करने से ही छात्र-छात्रा अच्छे अंक से उत्तीर्ण होंगें और जनपद का नाम रोशन करेंगें। इस दौरान विधायक सदर भूपेश चैबे ने छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ जी द्वारा आज त्यौहार के पूर्व ही छात्र-छात्राओं के खाते में धनराशि हस्तान्तारित करने का कार्य किया गया है, छात्रवृत्ति योजना छात्राओं को वित्तीय सहायता प्रदान करती है ताकि छात्र-छात्रा अपनी शिक्षा जारी रख सकें। यह योजना एस0सी0/एस0टी0/ओ0बी0सी0/सामान्य और अल्पसंख्यक श्रेणियों के छात्रों के लिए प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति प्रदान करती है, योग्य छात्र समाज कल्याण विभाग की आधिकारिक वेबसाइट या राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (एन0एस0पी0) के माध्यम से आॅनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जनपद के छात्र-छात्रा बेहतर शिक्षा प्राप्त कर समाज में बेहतर प्रमुख स्थान प्राप्त कर सकते हैं, उन्होंने कहा कि अटल आवासीय विद्यालय के माध्यम से श्रमिक के बच्चों को बेहतर व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदेश सरकार द्वारा निःशुल्क उपलब्ध करायी जा रही है, जिससे कि उनके जीवन में बेहतर सुधार होगा, प्रदेश सरकार बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने हेतु संकल्पित है। इस दौरान नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती रूबी प्रसाद ने छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि छात्रवृत्ति योजना के माध्यम से धनराशि उपलब्ध कराती है, उसी प्रकार से प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण हेतु मिशन शक्ति 5.0 अभियान प्रारंभ की है, जिससे कि बालिकाआंे को समाज सुरक्षा के साथ ही बेहतर शिक्षा ग्रहण करने में किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए थानों में महिला हेल्पलाईन डेस्क की भी स्थापना की गयी है। जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह ने कहा कि छात्रवृत्ति योजना से आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को शिक्षा ग्रहण करने में मदद करता है, स्कूल छोड़ने वाले छात्रों की संख्या को कम करना और उन्हें प्रोत्साहित करना, शिक्षा के लिए सभी छात्रों को समान अवसर प्रदान करना है। इस योजना के लिए पात्रता-उत्तर प्रदेश के मूल निवासी छात्र, एस0सी0/एस0टी0/ओ0बी0सी0/सामान्य और अल्पसंख्यक श्रेणियों के छात्रों को इस योजना द्वारा लाभान्वित किया जाता है। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधिगण व अन्य सम्मानितगणों के प्रति आभार व्यक्त की। इस मौके पर सदर विधायक के प्रतिनिधि विकास मिश्रा, विधायक के प्रतिनिधि सुरेन्द्र मौर्या सहित अन्य सम्मानितगण उपस्थित रहें।

