आईची-नागोया: जापान में जारी एशियन गेम्स 2026 का आज 12वां दिन भारतीय दल के लिए ‘सुनहरी खान’ साबित हो रहा है. भारतीय एथलीट्स ने आज चार गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया. अब तीरंदाजों और निशानेबाजों के बूते स्वर्ण पदकों की संख्या 10 पहुंच गई. साहिल जाधव, शूटर नीरू ढांडा और तीरंदाज चिकिता तनिपर्थी ने दो-दो गोल्ड मेडल जीते. पिछले एशियाई खेलों में भारत ने 28 गोल्ड मेडल जीते थे.
भारतीय महिला कंपाउंड टीम के बाद पुरुष कंपाउंड टीम ने भी गोल्ड मेडल जीता तो मिक्स्ड कंपाउंड में भी भारतीय धुरंधरों ने सुनहरा निशाना लगाया. मिक्स्ड ट्रैप शूटिंग में नीरू ढांडा ने भी गोल्ड मेडल जीता. आज स्क्वॉश, कुश्ती, बॉक्सिंग और हॉकी जैसे खेलों में भी पदक की पूरी उम्मीद है. चलिए आपको आज के खेलों में क्या-क्या हुआ, सिलसिलेवार तरीके से बताते हैं.
10वां गोल्ड मेडल आया, तीरंदाजों ने सुनहरी तिकड़ी जमाई
भारतीय मेंस कंपाउंड आर्चरी टीम ने फाइनल में चीन को हराते हुए दिन का चौथा और कुल 10वां गोल्ड मेडल भारत के खाते में डाल दिया.
भारत को मिला 9वां गोल्ड मेडल, नीरू ढांडा का ट्रिपल धमाका
व्यक्तिगत वर्ग में गोल्ड जीतने वाली नीरू ढांडा ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए काइनन चेनाई के साथ मिलकर ट्रैप शूटिंग के मिक्स्ड टीम इवेंट में भी गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है. नीरू ने इससे पहले महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में भारत को रजत पदक दिलाया था। इस तरह से उन्होंने तीन पदक अपनी झोली में डाले. भारतीय जोड़ी ने इस दौरान नया एशियाई रिकॉर्ड भी बनाया. भारतीय जोड़ी ने चौथे स्थान पर रहकर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था, उन्होंने फाइनल में 34 का स्कोर बनाया. कतर के मोहम्मद अल रुमैही और रे बासिल ने 32 के स्कोर के साथ रजत पदक जीता.
नीरू ढांडा ने एशियन गेम्स में दो गोल्ड और एक सिल्वर मेडल जीता.
फाइनल में लवलीना, बॉक्सिंग में एक और सिल्वर मेडल पक्का
ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने महिलाओं के 75 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में जगह पक्की की, लेकिन प्रिया घंघास को सेमीफाइनल में हारने के कारण कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा. लवलीना ने 75 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में कजाकिस्तान की मुक्केबाज नतालिया बोगदानोवा पर 3-2 के विभाजित फैसले से जीत हासिल की. बोगदानोवा 70 किलोग्राम में मौजूदा विश्व चैंपियन हैं. इससे वह लगातार दो बार एशियाई खेलों के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला मुक्केबाज बन गई हैं. भारतीय मुक्केबाजों ने पिछले एशियाई खेलों में एक रजत और तीन कांस्य पदक जीते थे लेकिन इस बार उसने छह पदक पक्के कर रखे हैं. परवीन हुड्डा (65 किलोग्राम) और अंकुश पंघाल (80 किलोग्राम) पहले ही फाइनल में जगह बना चुके हैं और शुक्रवार को खिताबी मुकाबले में उतरेंगे. कपिल पोखरिया (90 किग्रा) दिन में बाद में अपने अपने सेमीफाइनल मुकाबले में उतरेंगे.
गोल्ड मेडल! और लॉस एंजेलिस ओलंपिक का टिकट पक्का
कंपाउंड मिक्स्ड टीम में गोल्ड मेडल जीतने के साथ ही भारतीय टीम को लॉस एंजलिस 2028 ओलंपिक का कोटा भी मिल गया. TAGG एथलीट साहिल राजेश जाधव और चिकिता तनिपर्थी की भारतीय कंपाउंड मिक्स्ड टीम ने शूट-ऑफ में दक्षिण कोरिया को 10-9 से हराकर अपना टाइटल बरकरार रखा. नॉर्मल सेट के बाद स्कोर 157-157 से बराबरी पर था.
भारतीय मिक्स्ड कंपाउंड आर्चरी में साहिल जाधव और चिकिता तनिपार्थी की जोड़ी ने जीता गोल्ड
मिक्स्ड आर्चरी टीम ने भी जीता गोल्ड मेडल
भारतीय मिश्रित कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने कोरिया को हराते हुए आठवां गोल्ड जीत लिया. राजेश जाधव और चिकिता तनिपार्थी की जोड़ी ने कोरियाई जोड़ी को टाईब्रेक में हराया. इस तरह भारत की झोली में आठवां गोल्ड मेडल आया. इससे पहले भारतीय जोड़ी ने सेमीफाइनल में थाईलैंड को 156-155 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था.
गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय महिला आर्चरी टीम से मिलिए (मध्य में ज्योति सुरेखा वेन्नम, बाएं पृथिका प्रदीप, चिकिता तनिपार्थी दाएं)
भारत को मिला सातवां गोल्ड
महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने चीन को हराते हुए वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया और गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया. ओकाजाकी चुओ सोगो पार्क में ज्योति सुरेखा वेन्नम, चिकिता तनिपार्थी और पृथिका प्रदीप की भारतीय टीम ने चीन को मुकाबले में कहीं टिकने ही नहीं दिया. इससे पहले दक्षिण कोरिया को 234-233 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी. भारतीय महिला कंपाउंड टीम ने 2023 में हांगझोउ में हुए एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता था.
एक और गोल्ड मेडल के करीब नीरू ढांडा
नीरू ढांडा और काइनन चेनाई की भारतीय जोड़ी ने निशानेबाजी प्रतियोगिता की ट्रैप मिश्रित टीम स्पर्धा के फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया. इस स्पर्धा में भाग लेने वाली 12 टीमों में से कुल चार टीम ने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया. भारत 136 के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर रहा. नीरू एशियाई खेलों में महिलाओं की ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की पहली निशानेबाज बनीं थीं और इस दौरान उन्होंने नया एशियाई रिकॉर्ड भी बनाया था.
नीरू ढांडा ने व्यक्तिगत इवेंट में गोल्ड मेडल पर निशाना लगाया था.
प्रिया घंघस को ब्रॉन्ज मेडल से करना पड़ेगा संतोष
महिलाओं की 60 किलो बॉक्सिंग इवेंट के सेमीफाइनल में चीनी बॉक्सर से हारने के बाद भारत की मुक्केबाज प्रिया घंघस को ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ेगा.
कुश्ती में सुनील कुमार सेमीफाइनल में, निशा दहिया पहले दौर में बाहर
भारत के ग्रीको रोमन पहलवान सुनील कुमार ने तकनीकी दक्षता के आधार पर जीत दर्ज की और पुरुषों के 87 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाई. सेमीफाइनल में भारतीय पहलवान का सामना जापान के युवा विश्व चैंपियनशिप कांस्य पदक विजेता ताइजो योशिदा से होने की संभावना है जबकि निशा दहिया को एक बार फिर उत्तर कोरिया की सोल गुम पाक के हाथों हार का सामना करना पड़ा. हांगझोऊ एशियाई खेल 2023 के कांस्य पदक विजेता सुनील ने ताजिकिस्तान के मुहम्मद सुल्तानजोडा के खिलाफ मुकाबले में पूरी तरह दबदबा बनाए रखा.
महिला स्क्वॉश टीम ने पदक पक्का किया
भारतीय महिला टीम ने स्क्वॉश में सिंगापुर को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और इस तरह से पदक पक्का कर दिया. सेमीफाइनल बृहस्पतिवार को खेला जाएगा. भारत की तरफ से तन्वी खन्ना ने शुरुआत करते हुए पहले एकल मैच में औ येओंग वाई इयन को 11-6 4-11 15-13 11-1 से पराजित किया. यह मैच 32 मिनट तक चला. व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली युवा अनाहत सिंह ने दूसरे एकल मुकाबले में केवल 22 मिनट में औ योंग वाई यान को 11-7 11-3 11-4 से हराकर भारत की सेमीफाइनल में जगह पक्की की. इस तरह से मिश्रित युगल में कांस्य पदक जीतने वाली अनुभवी खिलाड़ी जोशना चिनप्पा को कोर्ट में उतरने की जरूरत नहीं पड़ी.
एथलेटिक्स में भारत ने जीते 24 मेडल
भारत ने 2026 एशियाई खेलों में एथलेटिक्स में अपने अभियान का अंत 24 पदक के साथ किया जिसमें एक स्वर्ण, नौ रजत और 14 कांस्य पदक शामिल थे. हांगझोऊ में 2022 खेलों में भारत ने एथलेटिक्स में छह स्वर्ण, 14 रजत और नौ कांस्य समेत 29 पदक जीते थे.


