
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
रॉबर्ट्सगंज से घर लौट रहे थे दोनों युवक, बसकटवा मोड़ के पास तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को पीछे से मारी टक्कर।
सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा चोपन थाना क्षेत्र के बसकटवा मोड़ के पास हुआ, जहां पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, राजू (25) वर्ष पुत्र अज्ञात निवासी पतवध और गोविंदा (28) वर्ष पुत्र घोपिंदर निवासी सिंदुरिया बाइक से रॉबर्ट्सगंज की ओर से अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि बसकटवा मोड़ के पास पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही चोपन पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी चोपन पहुंचाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे की सूचना पर परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के बाद मौके से फरार हुए अज्ञात वाहन की पहचान और तलाश में जुटी है। घटना को लेकर पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।
