
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
पत्रकार वार्ता में स्थानीय समस्याओं की ली जानकारी, निष्पक्ष कार्रवाई का दिया भरोसा
बीजपुर (सोनभद्र) बीजपुर थाने के नवागत प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह ने रविवार को थाना परिसर में स्थानीय पत्रकारों के साथ परिचयात्मक बैठक एवं पत्रकार वार्ता किया । इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध एवं स्थानीय समस्याओं की जानकारी लेते हुए पत्रकारों से सहयोग की अपेक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पत्रकार वार्ता के दौरान प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह ने सबसे पहले अपना परिचय देते हुए उपस्थित पत्रकारों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों, प्रमुख समस्याओं तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों के बारे में जानकारी लिया । उन्होंने कहा कि पुलिस और पत्रकार के समन्वय से क्षेत्र की समस्याओं को समझने तथा उनके समाधान में मदद मिलती है।
मूल रूप से जौनपुर जिले के रहने वाले हँसमुख एवं मिलनसार स्वभाव के निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह बीजपुर थाने की जिम्मेदारी संभालने से पहले जनपद सोनभद्र के विभिन्न थानों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इससे पूर्व वह जुगैल, म्योरपुर एवं ओबरा थाने में तैनात रह चुके हैं।
उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के साथ कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को उसकी पहचान या प्रभाव के आधार पर कानून से अलग नहीं माना जाएगा।
प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि पीड़ित और जरूरतमंद लोगों को समय पर न्याय एवं सहायता उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने कहा कि थाना परिसर पीड़ितों और फरियादियों के लिए हमेशा खुला है। किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या लेकर थाने आने में संकोच नहीं करना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ितों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाएगा और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अवैध कार्य की सूचना पुलिस को देने की अपील किया । पत्रकारों ने भी क्षेत्र से संबंधित विभिन्न समस्याओं और अपेक्षाओं से उन्हें अवगत कराया तथा पुलिस एवं मीडिया के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने की बात कही।
