मथुरा के जैंत थाना क्षेत्र के तेहरा गांव में सिगरेट न देने पर चार बदमाशों ने 18 वर्षीय ई-रिक्शा चालक रामू को चाकू मार दिया। शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मुकदमे में हत्या की धाराएं बढ़ाकर सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।

मथुरा में सिगरेट के लिए हत्या
मथुरा जिले के थाना जैंत के अंतर्गत ग्राम तेहरा में सिगरेट न देने पर चार बदमाशों ने एक 18 वर्षीय ई-रिक्शा चालक की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की शिनाख्त के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। गांव तेहरा थाना जैंत, निवासी नारायण सिंह के 18 वर्षीय पुत्र रामू ने कुछ दिन पहले ही ई रिक्शा खरीदा था। गुरुवार रात वो ई रिक्शा लेकर घर लौट रहा था। रास्ते में चार युवकों ने उसे जबरन रोक लिया और सिगरेट मांगने लगे। रामू ने मना किया तो जबरदस्ती उसके ई रिक्शा में बैठने लगे। रामू के रोकने पर पर गाली-गलौज शुरू कर दी। रामू के जवाब देने पर उन लोगों ने चाकू से उस पर वार कर दिया। इससे वह गंभीर घायल होकर गिर पड़ा।
सिगरेट नहीं देने पर ई-रिक्शा चालक का मर्डर
वारदात के बाद चारों आरोपी फरार हो गए। घटना की जानकारी पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल रामू का प्राथमिक उपचार कराकर घर ले आए। शुक्रवार दोपहर तबीयत फिर बिगड़ने पर उसे नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है।
मुकदमे में हत्या की धाराएं बढ़ाई गईं
सीओ सदर वरुण मिश्रा ने बताया पीड़ित पिता नारायण सिंह की तहरीर पर थाना जैंत पुलिस ने शुरुआत में चार अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ हत्या के प्रयास के तहत मामला पंजीकृत किया था, जिसकी जांच उप-निरीक्षक संदीप राणा कर रहे थे। अब युवक की मौत के बाद मुकदमे में हत्या की उपयुक्त धाराएं बढ़ाते हुए विवेचना थानाध्यक्ष सोनू कुमार द्वारा की जा रही है। आरोपियों की शिनाख्त कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
युवक को जान से मारने की धमकी
वहीं वृंदावन के ओमैक्स क्षेत्र में एक युवक के साथ कथित मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने वृंदावन थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के अनुसार गट्टानी सेवा निकेतन निवासी आशीष कुमार ओमैक्स परिसर स्थित वरिष्ठा कैफे के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और कथित रूप से गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोप है कि युवकों ने आशीष कुमार के साथ मारपीट कर दी।
थाने में लिखित शिकायत दी
पीड़ित का आरोप है कि एक आरोपी ने हाथ में पहने कड़े से उनके सिर पर वार किया, जिससे उन्हें सिर, हाथ और पैर में चोटें आईं। साथ ही आरोपियों ने भविष्य में भी गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद घायल युवक ने थाना वृंदावन पहुंचकर लिखित शिकायत दी है। थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त कर मुकदमा दर्ज कर लिया है।




