दिवाली आने में अभी करीब दो महीने बाकी हैं, लेकिन लखनऊ लौटने वाली फ्लाइटों का किराया अभी से आसमान छूने लगा है। मुंबई से लखनऊ की उड़ान का किराया 23 हजार रुपये के पार पहुंच गया है। वहीं, पुणे, बेंगलुरु और चेन्नई से आने वाली फ्लाइट के भी दाम बढ़ गए हैं।
UP News: बड़े महानगरों में रह कर पढ़ाई या नौकरी करने वालों की लखनऊ घर वापसी इस दिवाली आसान नहीं है। त्योहार अभी दूर है लेकिन लखनऊ के लिए विमान किराया आसमान छू रहा है। मुंबई से लखनऊ के बीच फ्लाइट का किराया 23 हजार रुपये के पार पहुंच गया है। जैसे-जैसे सीटें बुक होती जाएंगी, किराया बढ़ेगा।
बड़ी संख्या में लखनऊ के युवा मुंबई, हैदराबाद, पुणे और बेंगलुरु जैसे शहरों में नौकरी या पढ़ाई करते हैं। त्योहार पर वह अपनों के बीच लौटकर इसे मनाना चाहते हैं। इस बार उनकी मुश्किल बढ़ गई है। एयर ट्रैवल एजेंटों के अनुसार, हवाई किराये में जिस तेजी से बढ़ोतरी हो रही है, वह हैरान करने वाली है। किराये की मौजूदा स्थिति आमतौर पर दिवाली से छह-सात दिन पहले देखने को मिलती थी, लेकिन इस बार काफी पहले ही किराये में तेज उछाल आ गया है। मुंबई ही नहीं, हैदराबाद, चेन्नई और पुणे समेत कई शहरों के किराये भी काफी बढ़ गए हैं। सबसे अधिक मारामारी छह नवंबर की उड़ानों को लेकर है।
फ्लाइट का किराया कितना बढ़ा
मुंबई से लखनऊ की फ्लाइट 6ई 677 का किराया 23 हजार 753 रुपये
मुंबई से लखनऊ की फ्लाइट 6ई 643 का किराया 21 हजार 443 रुपये
पुणे से लखनऊ की फ्लाइट आईएक्स 1618 का किराया 23 हजार 52 रुपये
बेंगलुरु से लखनऊ की फ्लाइट आईएक्स 1541 का किराया 20 हजार 538 रुपये
चेन्नई से लखनऊ की फ्लाइट 6ई 515 का किराया 18 हजार 833 रुपये
हैदराबाद से लखनऊ की फ्लाइट 6ई 6167 का किराया 13 हजार 199 रुपये
वाराणसी की फ्लाइट्स के दाम भी बढ़े
मुंबई से वाराणसी की उड़ानों के टिकट भी महंगे हो गए हैं। 5 नवंबर को स्पाइसजेट की फ्लाइट लगभग साढ़े 12 हजार की है। वहीं 6 और 7 नवंबर को साढ़े 13 हजार की है। वहीं पुणे की फ्लाइट 14 से 15 हजार की है। बेंगलुरु से वाराणसी की फ्लाइट दीवाली के समय 12 से 14 हजार की है।
लखनऊ आने वाली ट्रेनें फुल
दीवाली के समय मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद से लखनऊ आने वाली ट्रेनें फुल हो गई हैं। लोकमान्य तिलक से लखनऊ आने वाली ट्रेनों में 150 से लेकर 200 तक वेटिंग है। वहीं, बेंगलुरु से आने वाली ट्रेन में 250 से अधिक वेटिंग हैं। ऐसा ही कुछ हाल हैदराबाद से आने वाली ट्रेनों का है। इन ट्रेनों में 200 से अधिक वेटिंग है। शॉर्ट डिस्टेंस वाली दूरी वाली ट्रेनें भी पैक हैं। दिल्ली से राजधानी लखनऊ की सभी ट्रेनों की सीट भरी हुई हैं।



