मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के हरफूल के पुरा गांव में शुक्रवार रात तीन घरों की खुशियां मातम में बदल गईं। यहां मंदिर से जन्माष्टमी का उत्सव देखकर घर वापस लौट रही तीन महिलाओं की सड़क हादसे में मौत हो गई।
मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में कृष्ण जन्मोत्सव की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब मंदिर से दर्शन कर घर लौट रही तीन महिलाओं को तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में तीनों महिलाओं की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
यह हादसा शुक्रवार देर रात नेशनल हाईवे-44 पर स्थित घिरोना हनुमान मंदिर के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हरफूल के पुरा गांव की रहने वाली तीन महिलाएं कृष्ण जन्मोत्सव देखने और पूजा-अर्चना करने के बाद अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान दिल्ली की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे स्थित कुछ दुकानों में जा घुसा। इससे दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद मृतक महिलाओं के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। त्योहार की रात घर से खुशी-खुशी निकलीं तीनों महिलाएं वापस नहीं लौट सकीं, जिससे पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान सिंह यादव ने बताया कि मृतक तीनों महिलाएं हरफूल के पुरा गांव की रहने वाली थीं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक को पकड़ लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को घटनास्थल से हटाने का काम भी जारी है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाह वाहनों की आवाजाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कृष्ण जन्मोत्सव की रात जहां लोग भगवान के जन्म की खुशियां मना रहे थे, वहीं मुरैना में एक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं।



