धनबाद और कोयंबटूर के बीच जल्द ही नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन शुरू होगी। रेलवे बोर्ड ने धनबाद डिवीजन के इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस नन एसी ट्रेन में आम यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं और कम किराए में सफर की सुविधा मिलेगी। नई अमृत भारत एक्सप्रेस दोनों दिशाओं से सप्ताह में एक-एक दिन चलाई जाएगी। रेलवे ने इसी साल कतरास-रांची होते हुए धनबाद से कोयंबटूर होते हुए पोत्तनूर के लिए अमृत भारत एक्सप्रेस चलाई थी। रेलवे बोर्ड ने चंद महीनों में धनबाद-गया होकर नई ट्रेन की सौगात दे दी। 22363 धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस हर शनिवार को धनबाद से शाम 4.10 बजे खुलेगी और सोमवार को शाम 6.30 बजे कोयंबटूर पहुंचेगी। 22364 कोयंबटूर-धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस हर मंगलवार को सुबह 7.50 बजे कोयंबटूर से खुलेगी और गुरुवार को दोपहर एक बजे धनबाद पहुंचेगी।
मरीज और मजदूरों को होगा फायदा
ट्रेन के काटपाड़ी जाने से एलेप्पी एक्सप्रेस पर यात्रियों का दबाव कम होगा। धनबाद के साथ-साथ कोयलांचल के अन्य जिलों और संथाल परगना के प्रवासी मजदूरों को भी दक्षिण भारत जाने में काफी सहूलियत होगी। रेलवे बोर्ड ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि ट्रेन की शुरुआत जल्द से जल्द की जाए।
गोमो होकर चलेगी, काटपाड़ी भी जाएगी
नई ट्रेन गोमो, पारसनाथ, हजारीबाग रोड, कोडरमा, गया, अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी-ऑन-सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू), मिर्जापुर, प्रयागराज छिवकी, सतना, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पिपरिया, इटारसी, बैतूल, नागपुर, चंद्रपुर, बल्हारशाह, सिरपुर कागजनगर, मंचेरियाल, पेद्दापल्ली, वारंगल, महबूबाबाद, खम्मम, विजयवाड़ा, ओंगोल, नेल्लोर, गुंटूर, रेनिगुंटा, तिरुत्तानी, काटपाड़ी, जोलारपेट्टई, सलेम, इरोड और तिरुप्पुर होते हुए कोयंबटूर जाएगी।
सांसद ने पीएम और रेल मंत्री का जताया आभार
सांसद ढुलू महतो ने बताया कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर धनबाद से नई ट्रेनें मांगी गई थीं। कोयंबटूर की ट्रेन से धनबाद और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को दक्षिण भारत जाने में सहूलियत होगी। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेल मंत्रालय के अधिकारियों के प्रति आभार जताया है।
टाटा-गोड्डा एक्सप्रेस कतरास और चंद्रपुरा में भी रुकेगी
धनबाद। श्रावणी मेला के दौरान यात्रियों की सुविधा को देखते हुए 18185 टाटानगर-गोड्डा एक्सप्रेस का चंद्रपुरा और कतरासगढ़ स्टेशन पर अस्थायी ठहराव दिया गया है। 17 से 28 अगस्त तक ठहराव दिया गया है। टाटानगर-गोड्डा एक्सप्रेस शाम 6.03 बजे चंद्रपुरा और शाम 6.36 बजे कतरासगढ़ पहुंचेगी। दोनों स्टेशनों पर दो-दो मिनट का ठहराव दिया गया है। हालांकि वापसी में गोड्डा-टाटानगर एक्सप्रेस कतरासगढ़ और चंद्रपुरा में नहीं रुकेगी।



