कैमूर जिले के चांद थाना क्षेत्र में जिस व्यक्ति को मरा हुआ समझकर घर वालों ने अंतिम संस्कार कर दिया, वो 50 दिन बाद जिंदा लौट गया। इस वाकये से परिवार वाले हैरान रह गए। वहीं, जिसका अंतिम संस्कार किया गया, वो कौन था यह अब पहेली बन गई है। पुलिस जांच में जुटी है।

कैमूर के कुढ़नू निवासी शहाबु मियां, जिन्हें मरा हुआ समझकर परिवार वालों ने अंतिम संस्कार कर दिया था
जिस व्यक्ति को मृत मानकर परिवार वालों ने अंतिम संस्कार कर दिया, वह 50 दिन बाद अचानक जीवित लौट गया। उसे जिंदा देखकर परिजन एकबारगी दंग रह गए, हालांकि फिर खुशी भी जताने लगे। शख्स का नाम शहाबु मियां है। उनकी उम्र 71 साल है। वह बिहार के कैमूर जिले के चांद थाना क्षेत्र स्थित कुढ़नू गांव के रहने वाले हैं। पिछले महीने वह लापता हो गए थे। पुलिस को एक अज्ञात शव मिला था, जिसकी पहचान परिजन ने शहाबु के रूप में की थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कर परिजन को शव सौंप दिया था, उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। अब बुजुर्ग के जिंदा लौटने के बाद सवाल उठ रहा है कि जिस शव की अंत्येष्टि की गई, वो किसका था?
इस संबंध में चांद थाना के एसआई सीबी सिंह ने मंगलवार को बताया कि बीते 16 जून को चंदोश के रास्ते में एक शव मिला था। ताने के एसआई रोहित कुमार पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराने के लिए भेजने की तैयारी कर रहे थे। इसके पहले शव की शिनाख्त के लिए उसका फोटो पंचायत के ग्रुप में डाला गया।
फोटो पर सिरहिरा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि गुड्डू सिंह की नजर पड़ी। उन्होंने पुलिस को जानकारी दी कि शव कुढ़नू निवासी शहाबु मियां उर्फ भीम का है। इसके बाद परिजन को पहचान के लिए बुलवाया गया। शहाबु मियां की पहचान उनके बेटे शमशु मियां ने अपने पिता के रूप में की।
उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम भभुआ सदर अस्पताल में कराकर उसे परिजन को सौंप दिया गया। एसआई के अनुसार, 4 अगस्त 2026 यानी मंगलवार को पता चला कि शहाबु मियां उर्फ भीम जीवित है। इसका सत्यापन कुढ़नू गांव पहुंचकर एसआई सीबी सिंह एवं रोहित कुमार ने किया तो वह जिंदा पाया गया। थाने के पुलिस कर्मियों ने इसकी सूचना वरीय पदाधिकारी को दी है। स्थानीय पुलिस आगे की कार्रवाई के निर्देश का इंतजार कर रही है।
आखिर किसके शव का कराया पोस्टमार्टम?
शमशु के जीवित लौटने के बाद आमलोंगो में यह चर्चा हो रही है कि आखिर वह शव किसका था, जिसका पोस्टमार्टम चांद थाने की पुलिस ने कराया और शमशु के परिजनों ने दाह-संस्कार किया। पुलिस ने भी इस बिंदु पर जांच करनी शुरू कर दी है।



