मथुरा के यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक तेज रफ्तार बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में बस चालक समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक को आई झपकी बताई जा रही है।
Yamuna Expressway Accident: यूपी के मथुरा से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहां यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के राया थाना क्षेत्र में एक बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर में जा भिड़ी। इस हादसे में बस ड्राइवर समेत चार लोगों की मौत हो गई। जबकि 27 यात्री घायल हो गए। उधर, सूचना मिलते ही पुलिस, टोल टीम और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, बस सोमवार रात लखनऊ से 45 यात्रियों को लेकर दिल्ली जा रही थी। मंगलवार सुबह करीब 3:41 बजे राया कट के पास माइलस्टोन 112-113 के बीच मैनपुरी के रहने वाले चालक उपदेश यादव को झपकी आने से बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में चीख-पुकार मच गई।
सीओ महावन संजीव राय ने बताया कि हादसे में चालक सहित चार लोगों की मौत हुई है, जबकि 27 घायल यात्रियों का उपचार चल रहा है। पुलिस और टोल टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे के बाद हाइड्रा की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हटाकर यातायात सुचारु कराया गया। मृतकों की पहचान चालक मैनपुरी निवासी उपदेश यादव, मोहल्ला गंज मुबारिकपुर, उन्नाव के खुर्शीद और मुबारिक, कासिमपुर, अमेठी निवासी हरिओम के तौर पर हुई। उधर, मौके पर एसपी देहात, एडीएम प्रशासन, एसपी ट्रैफिक, एसडीआरएफ और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
बेकाबू टैंकर ने बाप-बेटे को रौंदा
उधर, फिरोजाबाद के मैनपुरी रोड स्थित मोहम्मदपुर माड़ई के पास अपने घर के छप्पर में सो रहे एक ही परिवार के लोगों को बेकाबू गैस टैंकर ने रौंद दिया। हादसे में मौके पर ही पिता-पुत्र की मौत हो गई जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे से गुस्साए लोगों ने जाम लगा दिया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जबकि घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हादसे की सूचना पर पहुंचे एसडीएम, सीओ ने लोगों को उचित कार्यवाही का भरोसा देकर शांत किया।
कासिम अली, बेटे तौहसिम. बेटी शिफा के साथ अपने घर के छप्पर में चारपाई पर सो रहे थे। जबकि पिता कासिम सोकर उठकर बैठा हुआ था। मंगलवार की सुबह करीब 6 बजे के आसपास अरांव की ओर से आ रहे एक टैंकर बेकाबू होकर उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही पिता पुत्र के शव के चिथड़े उड़ गए। हादसे में दोनों की तत्काल मौत हो गई जबकि बेटी शिफा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे को अंजाम देकर टैंकर चालक टैंकर लेकर आगे भाग गया। उधर, सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई में जुट गई।



