IAS अधिकारी मिशा सिंह को रतलाम कलेक्टर के पद से तबादला कर राजधानी भोपाल में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मध्यप्रदेश में अपर आयुक्त के पद पर भेजा गया है। इससे पहले 25 जुलाई को जारी आदेश में उन्हें शहडोल का कलेक्टर बनाया गया था।
मध्य प्रदेश में तीन दिन पहले हुए प्रशासनिक फेरबदल के बाद मंगलवार को एकबार फिर 10 IAS अधिकारियों का तबादला कर दिया गया है। इनमें से 5 अधिकारियों के कार्यभार में बदलाव किया गया है। इस बारे में राज्य के मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल की तरफ से एक आदेश जारी किया गया। आदेश के अनुसार 25 जुलाई को स्थानांतरित किए गए दो महिला IAS अधिकारियों की पदस्थापना को संशोधित करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां दे दी गई हैं।
पदस्थापना के बारे में मंगलवार को जारी आदेश के अनुसार 2011 बैच के IAS अधिकारी दिनेश जैन (2011) को अपर सचिव, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से तबादला कर, विकअ (OSD) सह-आयुक्त-सह-संचालक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण, मध्यप्रदेश, भोपाल तथा अपर सचिव, मध्यप्रदेश शासन, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग (अतिरिक्त प्रभार) के साथ ही अपर सचिव, मध्यप्रदेश शासन की जिम्मेदारी दी गई है।
आदेश के अनुसार साल 2011 बैच के IAS अधिकारी गिरीश शर्मा से परियोजना संचालक, मध्यप्रदेश स्किल डवलपमेंट प्रोजेक्ट, भोपाल तथा अपर सचिव, मध्यप्रदेश शासन, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, मध्यप्रदेश राज्य कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड तथा संचालक, रोजगार (अतिरिक्त प्रभार) की जिम्मेदारी लेकर उन्हें मध्यप्रदेश शासन के तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग में अपर सचिव बनाया गया है।
नवीन पदस्थापना आदेश के अनुसार 2015 बैच के IAS अधिकारी पार्थ जायसवाल को छतरपुर जिले के कलेक्टर पद से हटाकर शहडोल जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वहीं 2015 बैच के ही IAS अधिकारी मृणाल मीणा को बालाघाट के कलेक्टर की जगह छतरपुर का नया कलेक्टर बनाया गया है। उधर 2017 बैच के IAS अधिकारी कुमार सत्यम को ग्वालियर के अपर कलेक्टर पद से ट्रांसफर करते हुए बालाघाट का जिला कलेक्टर बनाया गया है।
उधर वर्तमान में मंदसौर कलेक्टर पद पर सेवाएं दे रहीं 2015 बैच की IAS अधिकारी सुश्री अदिति गर्ग को नई पदस्थापना के अंतर्गत मध्यप्रदेश स्किल डवलपमेंट प्रोजेक्ट भोपाल में परियोजना संचालक के अलावा मध्यप्रदेश राज्य कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड तथा संचालक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, एस.एस. आर. ग्लोबल स्किल पार्क (अतिरिक्त प्रभार) में रोजगार तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी और मध्यप्रदेश शासन में उप सचिव की जिम्मेदारी दे दी गई है। इससे पहले 25 जुलाई को जारी आदेश में उन्हें कलेक्टर पद से हटाकर OSD सहआयुक्त सह संचालक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण, मध्यप्रदेश भोपाल बनाया गया था। हालांकि तीन दिन बाद ही उन्हें नया प्रभार दे दिया गया है।
इसके अलावा 2016 बैच की IAS अधिकारी मिशा सिंह को रतलाम कलेक्टर के पद से तबादला कर राजधानी भोपाल में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मध्यप्रदेश में अपर आयुक्त के पद पर भेजा गया है। इससे पहले 25 जुलाई को जारी आदेश में उन्हें शहडोल का कलेक्टर बनाया गया था। हालांकि तीन दिन बाद ही अदिति गर्ग के साथ ही मिशा सिंह को भी नई जिम्मेदारी मिल गई।
नए आदेश के अनुसार साल 2012 बैच के IAS अधिकारी स्वरोचिष सोमवंशी जो कि फिलहाल वि.क.अ. (विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी)-सह-आयुक्त, आर्थिक एवं सांख्यिकी, मध्यप्रदेश, भोपाल तथा पदेन सचिव, मध्यप्रदेश राज्य सांख्यिकी आयोग (अतिरिक्त प्रभार) की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, उन्हें उनके वर्तमान कर्तव्यों के साथ-साथ अस्थाई रूप से आगामी आदेश तक सदस्य सचिव, राज्य योजना आयोग, भोपाल तथा संचालक, अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान, भोपाल का प्रभार अतिरिक्त रूप से सौंपा गया है।
उधर साल 2013 बैच के IAS अधिकारी श्री ऋषि गर्ग से सदस्य सचिव, राज्य योजना आयोग, भोपाल तथा संचालक, अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान, भोपाल का अतिरिक्त प्रभार लेकर इसे स्वरोचिष सोमवंशी को सौंप दिया गया है। हालांकि गर्ग के पास प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, भोपाल तथा सदस्य सचिव, राज्य योजना आयोग, भोपाल तथा संचालक, अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान, भोपाल (अतिरिक्त प्रभार) पहले की तरह ही रहेगा।


