सीतापुर में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारे युवक का सिर काटकर अपने साथ ले गए। मूंगफली के खेत में बिना सिर के धड़ मिला है। पुलिस के अनुसार हत्या प्रेम-प्रसंग में होना बताई जा रही है।
Sitapur Murder: प्रेम-प्रसंग में एक और युवक अपनी जान से हाथ धो बैठा। ताजा मामला सीतापुर जिले के संदना इलाके से सामने आया है। यहां एक युवक की धारदार से गलाकर काटकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद हत्यारे युवक का सिर भी उठा ले गए। अर्धनग्न धड़ मूंगफली के खेत में मिला है। मौका-ए-वारदात पर एक महिला और पुरुष के पैरों के निशान मिले हैं। माना जा रहा है कि प्रेम प्रसंग के विवाद में युवक का कत्ल किया गया है। गर्दन पर पीछे से वार के अलावा धड़ पर कई जख्म मिले हैं। खबर मिलने पर पुलिस अफसरों, फोरेंसिंक टीम और डॉग स्क्वायड टीम ने मौके पर पहुंचकर गहन जांच की है।
पुलिस के मुताबिक संदना इलाके के नेवादा खुर्द गांव निवासी सूर्यबली रविवार सुबह खेत में मूंगफली की फसल देखने गए थे। वहां खेत में उन्हें सिर कटी लाश पड़ी मिली। वह फौरन भाग कर गांव पहुंचे और लोगों को जानकारी दी। खेत में सिर कटी लाश मिलने की खबर गांव में आग की तरह फैल गई। सूचना पर थाना पुलिस पहुंची और जांच के साथ शव की शिनाख्त और गायब सिर की तलाश में जुट गई। एएसपी दक्षिणी, फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम ने मौके पर पहुंचकर मौके से साक्ष्य जुटाए।
खेत में महिला और एक युवक के के निशान मिले
पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र करीब 25 से 30 साल के बीच है। उसने पैंट, अंडरवियर, जूते पहन रखे थे, लेकिन आधे शरीर पर कपड़ा नहीं था। जांच में पता चला कि मौके पर दो अन्य लोगों के पैरों के निशान मिले हैं। एक छोटा पैर किसी महिला का लग रहा है। प्रतीत हो रहा है कि हत्या में एक महिला सहित कम से कम दो लोग हो सकते हैं। महिला के पैर के निशान से पता चला कि उसने पैर में जूता-चप्पल नहीं पहन रखा था, दूसरे व्यक्ति ने जूते पहन रखे थे। पुलिस के मुताबिक संभवत: प्रेम प्रसंग में युवक को बुलाकर हत्या कर दी गई और शिनाख्त न हो, इसके लिए सिर भी काट कर गायब कर दिया गया। पुलिस को मृतक का सिर नहीं मिला है और न ही शिनाख्त हुई है।
शरीर के अन्य हिस्सों पर भी गहरे जख्म
शव देखकर लग रहा है कि कातिलों ने युवक को बुलाकर एकदम-धोखे से पीछे से वार कर दिया। जान बचाने के लिए युवक की ने कोशिश की होगी तो कातिलों ने हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर वार कर दिए। बताया जा रहा है कि मृतक की गर्दन पर पीछे से वार हुए हैं, जिससे उसके मुंह के बल गिरने के बाद हत्यारों ने उसकी गर्दन काट सिर गायब कर दिया।
कपड़ों में ट्रैक्टर छाप तंबाकू पुड़िया
पुलिस के मुताबिक मौके से ऐसे साक्ष्य नहीं मिले हैं, जिनके जरिए शव की पहचान आसान हो सके। जब कपड़ों की तलाशी ली गई तो ट्रैक्टर छाप तंबाकू की पुड़िया मिली है। ट्रैक्टर छाप पुड़िया संदना इलाके में हर पान, पुड़िया की दुकान पर आसानी से मिल जाती है। इससे माना जा सकता है कि मारा गया युवक आसपास के क्षेत्र का हो, लेकिन पुख्ता साक्ष्य और पहचान से पहले पुलिस के लिए मुश्किलें हैं।
दक्षिणी एएसपी दुर्गेश सिंह ने बताया, युवक की धारदार से हत्या की गई है। सिर गायब है। पहचान का प्रयास हो रहा है। आसपास के क्षेत्र में सिर भी खोजा जा रहा है। घटना के पीछे प्रेम प्रसंग भी हो सकता है। पुलिस घटना से जुड़ी सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।



