
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
चोपन (सोनभद्र)। प्रीतनगर स्थित हनुमान मंदिर के समीप लगभग 50 फीट गहरे कुएं में एक गाय गिर जाने की सूचना मिलते ही नगर पंचायत चोपन के अध्यक्ष उस्मान अली एवं अधिशाषी अधिकारी अखिलेश सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नगर पंचायत की टीम को मौके पर भेजा।नगर पंचायत की टीम ने बिना समय गंवाए आवश्यक संसाधनों के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने कुएं में गिरी गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के दौरान स्थानीय लोगों ने भी टीम का सहयोग किया। गाय के सुरक्षित बाहर निकलते ही मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली तथा नगर पंचायत की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पुलिस को भी दी गई थी, जिसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक सहयोग प्रदान किया। रेस्क्यू अभियान के दौरान सभासद दिव्य विकास सिंह, लिपिक अंकित पांडेय, सफाई नायक मनोज शुक्ला, संदीप दोहरे, संतोष कुमार सहित नगर पंचायत के अन्य कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली ने कहा कि नगरवासियों के साथ-साथ बेजुबान पशुओं की सुरक्षा भी नगर पंचायत की प्राथमिकता है। वहीं अधिशाषी अधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में नगर पंचायत की टीम तत्परता के साथ कार्य करने के लिए हमेशा तैयार है।