
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
सोनभद्र। जुगैल थाना क्षेत्र के बिगनी घाट में बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बेलगड़ी से ओबरा थाना क्षेत्र के खेरटिया गांव में आयोजित छठी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे परिवार के लोगों से भरा एक सवारी ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में करीब 10 लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल राहत कार्य में जुट गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे की वजह ऑटो का ब्रेक फेल होना बताई जा रही है। बिगनी घाट के पास ढलान पर पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ऑटो सड़क पर पलट गया। हादसे के समय ऑटो में सवार सभी लोग एक ही परिवार और रिश्तेदारी के बताए जा रहे हैं, जो छठी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए खेरटिया जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही जुगैल पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाया गया।चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल लोढ़ी के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल रेफर किए गए घायलों में कौशल्या देवी (40 वर्ष), निवासी लहुवन, बेलगड़ी, मीना देवी (35 वर्ष), पत्नी रामनरेश, निवासी बेलगड़ी तथा ललिता देवी (30 वर्ष), पत्नी रामनरेश, निवासी बेलगड़ी शामिल हैं। अन्य घायलों का उपचार सीएचसी चोपन में किया गया और उनकी स्थिति सामान्य होने पर उन्हें आवश्यक दवा देकर घर भेज दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां चिंता और अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।