
संवाददाता। विशाल गुप्ता।
बीजपुर (सोनभद्र) कुछ दिनों पूर्व बीजपुर थाना क्षेत्र स्थित मोटकी मुकुट पहाड़ी के जंगलों में मिले महिला के कंकाल की गुत्थी को सुलझाते हुए बीजपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल किया है। रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई विवाहिता की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गमछा भी बरामद किया गया है। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र द्वारा वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी के निर्देशन में व थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में बीजपुर पुलिस टीम ने रविवार को कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया ।
जानकारी के अनुसार थाना म्योरपुर क्षेत्र के ग्राम छानी पाथर काचन निवासी विनोद कुमार गौड़ की पत्नी पार्वती देवी 10 मई 2026 को घर से म्योरपुर बाजार जाने की बात कहकर निकली थीं, लेकिन उसके बाद वह घर नहीं लौटीं। परिजनों ने काफी खोजबीन की, मगर उनका कोई पता नहीं चल सका। इसी दौरान मृतका की सास ने बताया कि उन्होंने गांव के ही लाले पनिका और सुरेश को मोटरसाइकिल पर पार्वती देवी को बैठाकर ले जाते हुए देखा था।
परिजनों की तहरीर पर 29 मई को थाना म्योरपुर में गुमशुदगी दर्ज की गई। अगले ही दिन ग्रामीणों और परिजनों को सूचना मिली कि मोटकी मुकुट पहाड़ी, धरतीडाड़ के जंगलों में एक महिला का कंकाल पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचे पति और सास ने कंकाल के पास मिले कपड़ों एवं चप्पलों के आधार पर उसकी पहचान पार्वती देवी के रूप में किया । इसके बाद शव के अवशेषों का पोस्टमार्टम बीएचयू वाराणसी में कराया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं विवेचना के आधार पर 20 जून को थाना बीजपुर में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रविवार सुबह जरहा मंदिर मोड़ के पास से सुरेश पुत्र मानिकचंद्र (23 वर्ष), निवासी सिसवा झापर, थाना बभनी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त मटमैला-सफेद गमछा भी बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेज दिया है।
थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है और जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी भानुप्रताप यादव, आरक्षी राहुल गोड़ एवं आरक्षी साहिल श्रीवास्तव शामिल रहे।
बीजपुर पुलिस द्वारा किए गए इस खुलासे को क्षेत्र में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि जंगल में मिले कंकाल की पहचान से लेकर हत्यारे तक पहुंचने में पुलिस ने महत्वपूर्ण कड़ियों को जोड़ते हुए मामले का पर्दाफाश किया है।
