
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
डाला सोनभद्र। हाथीनाला थाना क्षेत्र के हथवानी मोड़ के समीप शनिवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में डीजल लदे टैंकर के चालक की मौत हो गई। वाराणसी-शक्तिनगर राज्य मार्ग पर हुए इस हादसे में कोयला लदे ट्रेलर और डीजल टैंकर के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई, जिससे टैंकर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह लगभग 10:15 बजे हाथीनाला थाना क्षेत्र अंतर्गत हथवानी के पास वाराणसी- शक्तिनगर राज्य मार्ग पर हाथीनाला की ओर से आ रहा डीजल लदा टैंकर दुर्घटना का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि सामने से आ रहे कोयला लदे ट्रेलर ने ओवरटेक करने के प्रयास में नियंत्रण खो दिया और टैंकर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में घायल चालक की पहचान राजू यादव (34 वर्ष) पुत्र हृदय यादव निवासी आर-16, इंदिरा नगर, हाजी बुंदर रोड, सेवड़ी (पूर्व), मुंबई के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना हाथीनाला पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उदयभान राव पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और एसीपी टोलवे के एंबुलेंस की सहायता से घायल चालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन भेजवाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण चालक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं हादसे में कोयला लदे ट्रेलर का चालक सुरक्षित बताया जा रहा है। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाया और आवागमन को सुचारु रूप से बहाल कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।