Last Updated:
Superhit Movies with Same Story : फिल्में अलग-अलग लेकिन पैटर्न और कहानी एक जैसी हो तो सिने प्रेमियों को हैरानी तो होती ही है. बॉलीवुड में सुपरहिट फिल्मों की कहानी से मिलती-जुलती फिल्में बनाई जाती रही हैं. यह ट्रेंड बहुत पुराना है. 90 के दशक में दो साल के अंतराल में दो ऐसी म्यूजिकल रोमांटिक एक्शन फिल्में बनाई गईं जिनका पैटर्न एक जैसा था. दोनों की कहानी प्यार-धोखे पर बेस्ड थी. मजेदार बात यह है कि दोनों ही फिल्मों में हीरो सेम था. डायरेक्टर भी सेम था. दोनों ही फिल्में सुपरहिट साबित हुईं. दोनों फिल्मों में हीरो का लुक पूरे देश में पॉप्युलर हुआ.

‘जीता था जिसके लिए’, ‘कितना हसीन चेहरा, कितनी प्यारी आंखें’, ‘हो नहीं सकता’ जैसे रोमांटिक गाने आज भी दिलों के तार को छेड़ देते हैं. इन गानों के बोल-मेलोडी दिल में बसी हुई है. इन गाने को सुनते ही मन 90 के दशक की यादों में खो जाता है. दिल को अलग सुकून मिलता है. ये सभी गाने अजय देवगन की दो फिल्मों ‘दिलवाले’ और ‘दिलजले’ में सुनने को मिले थे. दोनों फिल्में दो साल के अंतराल में रिलीज हुई थीं. दोनों ही फिल्मों का डायरेक्शन हैरी बावेजा ने किया था. दोनों ही फिल्मों में और भी कई समानताए हैं. दोनों फिल्मों के गानों-कहानी का पैटर्न भी सेम था.

किसी फिल्म की लोकप्रियता का पैमाना इससे ज्यादा क्या होगा कि हीरो के स्टाइल को देशभर के युवा फॉलो करने लगें. 90 के दशक में अजय देवगन ने अपनी हर बड़ी फिल्म से छाप छोड़ी. अजय देवगन की एक फिल्म ‘दिलवाले’ ऐसी ही फिल्म थी जिसका असर युवाओं पर हुआ. आशिक इस फिल्म के गाने गाकर अपना दर्द बयां करते थे. मूवी 4 फरवरी 1994 को रिलीज हुई ती. फिल्म में अजय देवगन-रवीना टंडन की लव स्टोरी, सुनील शेट्टी का एक्शन था. मूवी वैलेंटाइन वीक में रिलीज हुई थी और इसका डायरेक्शन हैरी बाबेजा ने किया था.

फिल्म में एक्शन-रोमांस-इमोशंस के अलावा बेहतरीन म्यूजिक था जो मूवी के लिए टर्निंग प्वॉइंट साबित हुआ. फिल्म के गाने इतने पॉप्युलर थे कि 55 लाख ऑडियो कैसेट बिके थे. म्यूजिक नदीम-श्रवण का था. गीतकार समीर थे. फिल्म का एक गाना ‘एक ऐसी लड़की थी जिसे मैं प्यार करता था’ को आज भी प्यार में चोट खाए आशिक गुनगुनाते हैं. स्टोरी करण राजदान ने लिखी थी.
Add News18 as
Preferred Source on Google

‘दिलवाले’ एक मसाला फिल्म थी. दिल को कुरेदने वाले गाने, रवीना टंडन की खूबसूरती, बेहतरीन डायलॉग्स का संयोजन फिल्म में देखने को मिला था. फिल्म के ब्लॉकबस्टर गानों के बीच हीरो-हीरोइन के डायलॉग भी डाले गए थे. यह अपने आप में अनोखा प्रयोग था. इससे फिल्म देखने के लिए दर्शक सिनेमाघरों तक पहुंचे. फिल्म में परेश रावल ने मामा ठाकुर का रोल निभाया था.

दिलचस्प बात यह है कि ‘दिलवाले’ फिल्म का क्लैश आमिर खान के भाई की फैसल खान की ‘मदहोश’ और जैकी श्रॉफ की ‘मिलन’ से हुआ था. ‘दिलवाले’ के सामने दोनों ही फिल्में नहीं टिक पाईं और डिजास्टर साबित हुईं. 1994 में पैसे कमाने के मामले में दिलवाले 9वें स्थान पर थी. 2 करोड़ के बजट में बनी इस मूवी ने 12 करोड़ का वर्ल्ड वाइड कलेक्शन किया था. यह एक सुपरहिट फिल्म साबित हुई थी. दिलवाले फिल्म के दौरान ही रवीना टंडन और अजय देवगन में विवाद हुआ. दोनों ने फिर कभी साथ में काम नहीं किया.

दो साल बाद ही 20 सितंबर 1996 को अजय देवगन की एक और रोमांटिक एक्शन फिल्म ‘दिलजले’ रिलीज हुई. इस फिल्म के गाने-हीरो का लुक सबकुछ अनूठा था. सिने प्रेमियों में इस फिल्म को लेकर एक अलग ही क्रेज देखने को मिला था. फिल्म के डायलॉग लोगों को मुंह जुबानी याद हो गए थे. अमरीश पुरी के बेहतरीन डायलॉग ने फिल्म का रोमांच बढ़ा दिया था. इस फिल्म की दीवानगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई सिने लवर्स ने यह फिल्म 10 बार से भी ज्यादा देखी है. इस फिल्म के गानों में भी ‘दिलवाले’ की तरह डायलॉग का इस्तेमाल किया गया था.

‘दिलजले’ के डायरेक्शन भी हैरी बावेजा थे. स्क्रीनप्ले करन राजदान ने लिखा था. फिल्म में अजय देवगन, मधु और सोनाली बेंद्रे लीड रोल में थे. इसके अलावा परमीत सेठी, शक्ति कपूर, गुलशन ग्रोवर सपोर्टिंग रोल में थे. फिल्म के मेन विलेन अमरीश पुरी थे. ‘दिलजले’ फिल्म ने भी पूरे देश के हिंदी पट्टी के राज्यों के युवाओं पर गहरा असर छोड़ा. उन दिनों युवा अजय देवगन के लुक को कॉपी करते थे. उनके जैसे लंबे बाल-दाढ़ी में नजर आते थे.

‘दिलजले’ फिल्म का म्यूजिक अनु मलिक ने कंपोज किया था. गीतकार जावेद अख्तर थे. म्यूजिक ब्लॉकबस्टर था. ‘मेरा मुल्क मेरा देश’ गाना आज भी पॉप्युलर है. हालांकि इसकी धुन अनु मलिक ने इजराइल के राष्ट्रगान से चुराई थी. वैसे अजय देवगन ‘शाका’ के लिए पहली पसंद नहीं थे. पहले यह पावरफुल रोल अक्षय कुमार को ऑफर हुआ था. फिल्म की सबसे मजबूत पक्ष इसके डायलॉग थे. ये पॉप्युलर डायलॉग थे : शाका का बस चले तो हर मंडप जला दे. यहां के 40 गांव में किसी की शादी न हो. आग जो दिल में लगी है, उसे दुनिया में लगा दूंगा मैंजो तेरी डोली उठी, ज़माने को जला दूंगा मैं. दिलजले…दिलजले… अरे लाले, यहां तो सभी दिलजले हैं. ये डायलॉग आज भी 90 के दशक के आशिकों को जुबानी रटे हुए हैं.

मजेदार बात यह है कि ‘दिलवाले’ और ‘दिलजले’ की कहानी में काफी हद तक समानताएं थीं. दोनों ही फिल्मों में अजय देवगन एक कॉलेज स्टूडेंट थे. दोनों ही फिल्मों में उन्हें एक लड़की से प्यार हो जाता है. दोनों ही मूवी में लड़की के मां-बाप, रिश्तेदार इस रिश्ते के खिलाफ होते हैं. दोनों ही फिल्मों में लड़के के घरवाले लड़की को यकीन दिला देते हैं कि लड़का सही नहीं है. ‘दिलवाले’ में अजय देवगन पागल तो ‘दिलजले’ में आतंकवादी बने नजर आते हैं. दोनों ही फिल्मों में दूसरा हीरो, हीरोइन को पसंद करता है लेकिन प्यार पाने में कामयाब नहीं होता. ‘दिलजले’ फिल्म का बजट करीब 5.5 करोड़ रखा गया था. मूवी ने करीब 16 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. यह एक सुपरहिट फिल्म साबित हुई थी.



