
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
सोनभद्र। जनपद के बभनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक 22 वर्षीय युवती का शव नाले के किनारे परास के पेड़ से संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला शव अर्द्धनग्न अवस्था में मिलने से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया। ग्रामीण दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जता रहे हैं। घटना बभनी थाना क्षेत्र के घघरा ग्राम पंचायत अंतर्गत चकेलवा टोला की बताई जा रही है। मृतका की पहचान 22 वर्षीय रेखा उर्फ भोली के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों के अनुसार रेखा गुरुवार रात गांव में आई बारात देखने गई थी और देर रात घर लौटी थी। बताया गया कि शुक्रवार भोर में वह घर से निकली, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। सुबह ग्रामीणों ने नाले के किनारे परास के पेड़ से उसका शव लटका देखा, जिसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। मौके की स्थिति को देखकर परिजन और ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं। बताया जा रहा है कि युवती के गले की बजाय रस्सी उसके जबड़े में बंधी हुई थी और शव पूरी तरह हवा में नहीं लटक रहा था, बल्कि घुटनों के सहारे जमीन से टिका हुआ था। इसी वजह से मामला और अधिक संदिग्ध माना जा रहा है। मृतका के पिता ने बेटी की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए गांव के ही एक व्यक्ति पर संदेह जताया है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही बभनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुट गई है। इस संबंध में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।