
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
सोनभद्र। मानव तस्करी जैसे जघन्य अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना रॉबर्ट्सगंज एवं एएचटी (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग) पुलिस की संयुक्त टीम ने एक संगठित मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। थाना एएचटी प्रभारी माधव सिंह और प्रभारी निरीक्षक रॉबर्ट्सगंज रामस्वरूप वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शिव सिंह उर्फ रामलाल (45 वर्ष) निवासी धवलपुर, राजस्थान के रूप में हुई है, जिसे ग्राम पवर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने एक नाबालिग/युवती को नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद उसे विभिन्न जिलों से होते हुए आगरा और अलीगढ़ ले जाया गया, जहां आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़िता को करीब 1.20 लाख रुपये में बेच दिया। इतना ही नहीं, पीड़िता को अलग-अलग स्थानों पर विभिन्न व्यक्तियों के पास रखा गया, जहां उसके साथ जबरन शारीरिक शोषण किया गया। इस दौरान वह गर्भवती भी हो गई। पुलिस के अनुसार यह पूरा मामला एक संगठित गिरोह द्वारा अंजाम दिया गया है, जिसमें अन्य आरोपियों की भी संलिप्तता सामने आई है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। इस सफलता में थाना एएचटी व रॉबर्ट्सगंज पुलिस की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही, जिसमें प्रभारी निरीक्षक माधव सिंह, उपनिरीक्षक रणजीत सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मानव तस्करी जैसे अपराधों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे गिरोहों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।