
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
सोनभद्र। जनपद के अनपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत औड़ी मोड़ पर स्थित एक ग्राहक सेवा केंद्र में संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि आग अचानक ग्राहक सेवा केंद्र में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया आग की चपेट में आकर दुकान में रखी नगदी, कंप्यूटर, प्रिंटर, फर्नीचर व अन्य जरूरी सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया आग से हुए भारी नुकसान के कारण दुकानदार गहरे सदमे में है और आर्थिक रूप से काफी परेशान बताया जा रहा है स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना दमकल विभाग को दी, लेकिन आरोप है कि सूचना के बावजूद दमकल टीम मौके पर काफी देर से पहुंची। हालांकि, दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक अधिकांश सामान जल चुका था। घटना के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रथम दृष्टया आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या अन्य संदिग्ध कारण माने जा रहे हैं, जिसकी जांच की जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन सेवाओं की त्वरित उपलब्धता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय प्रशासन द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।