
कई वर्षों से नहीं हुई सफाई, बढ़ रहा बीमारियों का खतरा।
विंध्य ज्योति संवाददाता राजन जायसवाल
कोन (सोनभद्र),नव सृजित विकास खंड कोन की ग्राम पंचायत मिश्री में पासवान बस्ती की ओर जाने वाली लगभग 300 मीटर लंबी नाली की सफाई कई वर्षों से नहीं हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस लापरवाही के कारण उन्हें गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
लंबे समय से सफाई न होने के कारण नाली में भारी मात्रा में गंदगी जमा हो गई है। यह गंदगी अब मुख्य सड़क पर बह रही है, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, गंदगी के अंबार और सड़क पर बहते गंदे पानी से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। उन्हें दैनिक जीवन में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उत्तर प्रदेश पंचायती राज विभाग के नियमों के तहत नालियों की नियमित सफाई और स्वच्छता बनाए रखना ग्राम पंचायत की प्राथमिक जिम्मेदारी है। स्थानीय ग्रामीणों ने इस संबंध में जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन उनका कहना है कि शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से तत्काल नाली की सफाई कराने की मांग की है। इस संबंध में, एडीओ पंचायत ने कहा कि यदि ग्रामीणों की शिकायत है तो नाली की सफाई अवश्य करा दी जाएगी।