
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
सोनभद्र। जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति, पर्यावरण समिति एवं गंगा समिति की बैठक की गयी। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वृक्षारोपण हेतु जिन विभागों को जो भी लक्ष्य दिये गये हैं, उसके अनुरूप वृक्षारोपण हेतु स्थल चिन्हित कर लें। उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्य का शत प्रतिशत रोपण सुनिश्चित कराया जाये। जनपद में प्रदूषण नियंत्रण एवं पर्यावरण संरक्षण व मा० एन०जी०टी० द्वारा पारित आदेशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि जिन विभागों को फलदार पौधों की आवश्यकता हो, वह वन विभाग को पौधों की संख्या उपलब्ध करा दें। उन्होंने कहा कि सम्बन्धित विभाग अपने-अपने विभाग परिसर में खाली स्थानों पर पौध रोपण कराया जाये, जिससे निर्धारित पौधरोपण लक्ष्य को पूरा किया जा सकें। उन्होंने कहा कि पौधरोपण करने के साथ ही उसका संरक्षण व सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाये। सड़कों पर ओवर लोड कुड़ायुक्त वाहन जो कचरा सड़कों पर गिरा देते हैं, ऐसे वाहनों के विरूद्ध भी कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित करते हुए कहाकि सड़क पर पड़े गढ्ढो का मरम्मत कराया जाये, सड़क के किनारे साफ-सफाई कराया जाये। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रत्येक महीने मे ग्राम पंचायतों में ग्रीन चौपाल का आयोजन शासन के निर्देश के क्रम में किया जायेगा। इस दौरान उन्होंने कहा कि सोन नदी के किनारे बसे गांवों में आर्गेनिक खेती करने हेतु जागरूक किया जाये, जिससे कम पानी की लागत में अधिक उत्पादन हो सकें। इस मौके पर जिला विकास अधिकारी हेमन्त कुमार सिंह, डीएफओ राबर्ट्सगंज आशुतोष जायसवाल डीएफओ रेनुकूट कमल कुमार, एस0डी0ओ0 शत्रुधन त्रिपाठी, , एस0डी0ओ0 ओबरा मयंक, डी0सी0 मनरेगा रवीन्द्र वीर सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण सहित अधिकारीगण उपस्थित रहें।

