
।। अजय भाटिया।।
चोपन, सोनभद्र। जनपद के वाराणसी शक्ति नगर मार्ग पर सोननदी के किनारे स्थित चोपन नगर को देश- प्रदेश की ऊर्जा राजधानी ऊर्जाचंल का प्रवेश द्वार माना जाता है। सड़क मार्ग से ऊर्जाचंल में प्रवेश का यही एक मात्र मार्ग है। यहाँ सोननदी पर अगर बगल दो पुल हैं जिसमें नये पुल से चोपन से सोनभद्र की ओर तथा वापसी मे सोनभद्र से चोपन की ओर पुराने पुल से जाने की व्यवस्था है। दोनों पुलों पर कई वर्षों से सड़क प्रकाश की व्यवस्था नदारद है। नये पुल पर तो दोनों ओर पोल तो हैं लेकिन एक दो लाइटों को छोड़कर सभी खंबों से लाइटें गायब है। पुराने पुल पर तो खैर खम्बे ही नहीं है। मिली जानकारी के अनुसार जब तक सम्बंधित विभाग यहाँ पर टोल टैक्स की वसूली करते रहे तब तक तो कुछ हद तक सड़क प्रकाश की व्यवस्था रही लेकिन जब से टोल टैक्स यहाँ से हटकर लोढ़ी गया तब से यहाँ की प्रकाश व्यवस्था नदारद हो गई परिणामस्वरूप रात्रि में आवागमन मुश्किल भरा हो गया है। नागरिकों को कहना है कि वाहनों से चलने का टैक्स तो हमें देना ही पड़ता है जो चोपन के स्थान पर अब लोढ़ी में वसूला जाता है। सोन पुल के समीप बना टोल प्लाजा का कार्यालय भवन भी बंद पड़ा खंडहर में तब्दील हो रहा है जिसका फायदा नशेड़ियों और अवांछनीय तत्व उठा रहे हैं। सुरक्षा की दृष्टि से शासन यहाँ कोई विभागीय जांच चौकी स्थापित कर इसको सार्थक कर सकता है। नागरिकों ने इस ओर शासन प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराते हुए दोनों सोन पुल पर सड़क प्रकाश व्यवस्था कराने की मांग की है।

