
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में आज दिनांक 10.10.2025 को राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, चुर्क, सोनभद्र में मिशन शक्ति के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा द्वारा छात्राओं को संबोधित करते हुए मिशन शक्ति अभियान की रूपरेखा, उद्देश्य एवं इसके तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई। क्षेत्राधिकारी यातायात डॉ० चारु द्विवेदी द्वारा छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे –1090 (महिला हेल्पलाइन), 181 (महिला सहायता), 112 (आपातकालीन सेवा), 1930 (साइबर हेल्पलाइन) आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। वहीं, निरीक्षक धीरेन्द्र चौधरी द्वारा साइबर अपराध से बचाव के उपायों, सोशल मीडिया पर सुरक्षित रहने की सावधानियों एवं शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इस अवसर पर एडीएम सोनभद्र, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन), राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के डायरेक्टर, मेडिकल कॉलेज सोनभद्र के प्रिंसिपल, उ0प्र0 उद्योग मंडल के जिलाध्यक्ष, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी नगर, डीपीआरओ सोनभद्र, हरसेवानन्द स्कूल के प्रिंसिपल, महिला थानाध्यक्ष, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। मिशन शक्ति के अंतर्गत इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं छात्राओं में आत्मरक्षा, कानूनी अधिकारों व साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
