
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
सोनभद्र। जनपद के ओबरा थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की मौत ने हड़कंप मचा दिया है। मौत के बाद परिजनों ने युवक को जहर दिए जाने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुँचकर जांच में जुट गई है। ओबरा थाना क्षेत्र में देर रात हुई इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के मुताबिक युवक अपने दोस्तों के साथ दावत कर रहा था। दावत के दौरान अचानक उसकी हालत बिगड़ गई और मुंह से झाग निकलने लगा। दोस्तों ने आनन-फानन में युवक को उसके घर पहुँचाया, जिसके बाद परिजनों ने उसे परियोजना अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया। वाराणसी ले जाते वक्त रास्ते में ही युवक की मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि युवक को जहर देकर मौत के घाट उतारा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुँच गई और जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस पूरे मामले की गुत्थी अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से ही सुलझेगी।
