
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
सोनभद्र। में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर आज समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। स्वर्णजयंती चौक पर कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक को प्रतीकात्मक रूप से स्ट्रेचर पर लादकर अपना विरोध जताया। इस दौरान जमकर नारेबाजी भी हुई। सपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कार्यकाल में ट्रामा सेंटर और बर्न यूनिट बनकर तैयार हो चुके हैं, लेकिन मौजूदा सरकार ने आज तक इन्हें शुरू नहीं कराया। यही नहीं, जिला अस्पताल में डिजिटल एक्सरे भी लंबे समय से खराब पड़ा है, लेकिन विभाग और स्वास्थ्य मंत्री दोनों ही इस पर ध्यान नहीं दे रहे। सपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य मंत्री लगातार पीडीए की बात कर जनता को गुमराह कर रहे हैं, जबकि हकीकत यह है कि स्वास्थ्य सेवाओं की हालत लगातार बद से बदतर होती जा रही है। सोनभद्र जैसे बड़े जनपद को आज भी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का इंतजार है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक ट्रामा सेंटर, बर्न यूनिट और अन्य आवश्यक सेवाओं को चालू नहीं किया जाएगा, तब तक सपा का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।


