
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
चोपन, सोनभद्र। आज दिनांक 12 अगस्त 2025 को विकास खण्ड चोपन के कर्मचारियों ने आजादी के अमृत महोत्सव की भावना को प्रबल करते हुए विकास खण्ड कार्यालय परिसर से वैष्णो मंदिर, डाला तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में खण्ड विकास अधिकारी अजीत कुमार यादव, सहायक विकास अधिकारी काशीराम ठाकुर, बी०ओ०पी०आर०डी० रविशंकर कुश्वाहा, सहायक विकास अधिकारी (सां०) ऋषिकान्त शुक्ला सहित विकास खण्ड के सभी ग्राम रोजगार सेवक, तकनीकी सहायक, पंचायत कर्मी एवं कार्यालय स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तिरंगा यात्रा के दौरान मार्ग में जगह-जगह लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान में प्रतिभागियों का स्वागत किया। तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति की भावना का संचार करना, राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाना और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य भावना को प्रोत्साहित करना था। यात्रा के समापन पर विकास खण्ड परिसर स्थित शहीद स्मारक स्थल पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर देशभक्ति गीतों के साथ ‘भारत माता की जय’ और ‘वन्दे मातरम’ के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।