नई दिल्ली. भारत के लिए 2026 एशियाई खेलों का बुधवार बेहद सफल रहा, जहां देश ने 4 स्वर्ण पदक अपने नाम किए. तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 स्वर्ण जीते, जबकि चौथा स्वर्ण पदक निशानेबाजी में मिला. इस समय भारत 10 स्वर्ण, 21 रजत और 29 कांस्य पदक के साथ पदक तालिका में 8वें स्थान पर है. आज यानी 1 अक्टूबर बुधवार को भी भारतीय खिलाड़ियों के पास पदक तालिका में ऊपर चढ़ने के कई बेहतरीन अवसर हैं. भारत के एथलीट तीरंदाजी, निशानेबाजी, कुश्ती, हॉकी, क्रिकेट, स्क्वॉश, टेनिस, साइक्लिंग, सेपक टकरा और एथलेटिक्स समेत कई स्पर्धाओं में अपना दम दिखा रहे हैं.
एशियन गेम्स IND vs PAK: पाकिस्तान ने बराबर किया मुकाबला
मैच अब रोमांचक हो चुका है. चौथे क्वार्टर की शुरुआत होते ही पाकिस्तान ने फील्ड गोल दागते हुए स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया. अब सारा दबाव भारतीय खिलाड़ियों पर है. इंडिया सेमीफाइनल का फेवरेट था, ऐसे में जल्द से जल्द लीड लेने की बेकरारी टर्फ पर नजर आएगी.
एशियन गेम्स लाइव: तीन क्वार्टर के बाद भारत की लीड 3-2 हुई
तीसरा क्वार्टर खत्म होते-होते पाकिस्तान ने अपना दूसरा गोल कर दिया, जिससे भारत की लीड थोड़ी कम जरूर हुई, लेकिन स्कोर 3-2 से मैन इन ऑरेंज के पक्ष में रहा. अब चौथे और आखिरी क्वार्टर से तय होगा कि फाइनल में कौन पहुंचेगा.
भारतीय हॉकी टीम
हाफ टाइम तक भारत 3-1 से आगे
मेंस हॉकी सेमीफाइनल के रोमांचक मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ पहले हाफ में दो गोल की शानदार बढ़त हासिल करते हुए स्कोर 3-1 कर लिया है. शुरुआती पलों से ही भारतीय टीम ने मैदान पर आक्रामक खेल दिखाते हुए दबदबा बनाए रखा, हालांकि हाफ खत्म होने से ठीक पहले डिफेंस में हुई एक हल्की सी चूक के चलते पाकिस्तान को पेनल्टी कॉर्नर मिल गया, जिसका फायदा उठाकर उन्होंने गोल कर फासला कम किया. अब पाकिस्तान को मैच में बने रहने के लिए दूसरे हाफ की शुरुआत बेहद मजबूत अंदाज में करनी होगी.
भारत ने हॉकी सेमीफाइनल में पाकिस्तान पर बनाई बढ़त
भारत ने पुरुष हॉकी सेमीफाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ अपनी बढ़त को दोगुना करते हुए स्कोर 2-0 कर लिया है. बाएं छोर पर मनप्रीत सिंह के शानदार मूव के दौरान हुए फाउल के बाद भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने एक ताकतवर और सटीक लो ड्रैग-फ्लिक के जरिए गोल में बदलकर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया.
भारत ने क्रिकेट में श्रीलंका को 124 रन से रौंदा, फाइनल में पाकिस्तान से होगी टक्कर
भारतीय क्रिकेट टीम ने सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है जहां उसका सामना पाकिस्तान से होगा. भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट पर 169 रन बनाए. जवाब में श्रीलंका की टीम 45 रन पर ढेर हो गई.
क्रिकेट सेमीफाइनल में भारत ने श्रीलंका को दिया 170 रन का लक्ष्य
एशियाई खेल 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने श्रीलंका के सामने जीत के लिए 170 रनों का लक्ष्य रखा है. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवरों में 7 विकेट पर 169 रन बनाए. खराब शुरुआत के बाद विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन ने शानदार नाबाद 80 रनों की कप्तानी पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 5 छक्के शामिल रहे. उनके अलावा युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 21 गेंदों पर 38 रनों की तेजतर्रार पारी खेली. श्रीलंका की तरफ से गेंदबाजी में सहन अराचीगे और थारिंडु रत्नायके ने दो-दो विकेट झटके.
तीरंदाजी में गणेश ने दिलाया ब्रॉन्ज, भारत के मेडल की संख्या 63 पर पहुंची
भारतीय कंपाउंड तीरंदाजी अभियान का शानदार अंत गणेश मणिरत्नम के कांस्य पदक जीतने के साथ हुआ. यह इस प्रतियोगिता में उनका दूसरा पदक है, इससे पहले वे स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष कंपाउंड तीरंदाजी टीम का हिस्सा भी रह चुके हैं. कुल मिलाकर कंपाउंड तीरंदाजों का यह अभियान बेहद सफल रहा, जिसमें उन्होंने पांच में से चार श्रेणियों में पदक जीते, जिनमें तीन स्वर्ण पदक भी शामिल हैं.
एशियन गेम्स 2026 लाइव अपडेट्स: नौकायन में भारत को मिला सिल्वर मेडल
भारत ने नौकायन (सेलिंग) के पुरुषों की स्कीफ स्पर्धा में दिन का अपना पहला रजत पदक जीत लिया है. मनु फ्रांसिस और प्रिंस कुरिसिंकल नोबेल की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 29 अंकों के साथ चीनी टीम के बाद दूसरा स्थान हासिल किया. भारत के खाते में आया यह आज का दूसरा पदक है. भारत के कुल पदकां की संख्या 62 पर पहुंच गई है
एशियन गेम्स 2026 लाइव अपडेट्स: अनाहत सिंह की तिकड़ी ने स्क्वॉश में जीता ब्रॉन्ज
महिला टीम सेमीफाइनल में भारत को हांगकांग के हाथों 1-2 से हार का सामना करना पड़ा. टीम को कांस्य पदक से संतोष करना होगा. अनाहत सिंह ने चान सिन युके के खिलाफ शुरुआती दो गेम जीतकर शानदार शुरुआत की थी, लेकिन चान ने वापसी करते हुए 3-2 से मुकाबला अपने नाम किया, जिसमें अनाहत ने चौथे गेम में चार मैच पॉइंट गंवाए. इसके बाद तन्वी खन्ना ने का यी ली को 3-1 से हराकर मुकाबले को 1-1 की बराबरी पर ला दिया. हालांकि, निर्णायक और तीसरे मैच में जोशना चिनप्पा को त्जे लोक हो के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा, जिससे हांगकांग फाइनल में पहुंच गया और भारत की झोली में कांस्य पदक आया. भारत के इस एशियन गेम्स 2026 में पदकों की संख्या 61 हो गई है.
एशियन गेम्स 2026 लाइव अपडेट्स: पहलवान अमन सहरावत ने क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह
भारत के अमन सहरावत ने पुरुष ग्रीको-रोमन 77 किग्रा वर्ग के प्री-क्वार्टरफाइनल में मंगोलिया के बोर्गिल तुवशिन्बातार के खिलाफ 8-6 से शानदार वापसी करते हुए क्वार्टरफाइनल में प्रवेश कर लिया है. शुरुआती बढ़त गंवाने और 1-6 से पिछड़ने के बाद अमन ने मुकाबले के आखिरी मिनट में बेहतरीन खेल दिखाया और लगातार अंक बटोरते हुए स्कोर 8-6 कर दिया. अंत तक अपनी बढ़त को बनाए रखते हुए उन्होंने इस रोमांचक मुकाबले में यादगार जीत दर्ज की और अब अगले दौर में उनका मुकाबला कतर के शाहीन बदाघिमोफ्रद से होगा.
एशियन गेम्स 2026 लाइव अपडेट्स: सेपकटकरा में भारत ने वियतनाम को हराया
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष टीम ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए सेपकटकरा (किक वॉलीबॉल) के क्वाड्रेंट ग्रुप ए मैच में वियतनाम को करारी शिकस्त दी है. भारत ने इस मुकाबले में पूरी तरह से दबदबा बनाते हुए सीधे सेटों में 15-12 और 15-7 के अंतर से एकतरफा जीत दर्ज की. इस बेहतरीन जीत के साथ ही भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अपने दोनों मैच जीतकर लगातार दूसरी सफलता हासिल कर ली है और उनका अजेय अभियान शान से बरकरार है.
एशियन गेम्स 2026 लाइव अपडेट्स: तीरंदाज चिकिता क्वार्टर फाइनल से बाहर
महिला व्यक्तिगत कंपाउंड तीरंदाजी स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में चिकिता तनिपार्थी का प्रदर्शन उनकी क्षमता के अनुरूप नहीं रहा. अंतिम दौर में 9s की सीरीज और एक 8 लगने के कारण उनका अंतिम स्कोर 143 ही रह सका. इसी वजह से इंडोनेशिया की नुरिसा दिया अशरीफा ने एक कड़े मुकाबले में भारतीय तीरंदाज को महज 1 अंक से हराकर बाहर कर दिया. हालांकि, इस हार के बावजूद एशियाई खेल 2026 में चिकिता के अभियान को बेहद शानदार माना जाएगा. देश के लिए पहले ही दो स्वर्ण पदक जीत चुकीं चिकिता को अपने इस बेहतरीन और ऐतिहासिक प्रदर्शन पर गर्व होना चाहिए.


