आजमगढ़ में जेवरात लूटकर भागे बदमाशों को ग्रामीणों ने पकड़ा, खेत में घेरकर की पिटाई
आजमगढ़ के तहबरपुर थाना क्षेत्र के मंजरी बाजार में आभूषण की दुकान से सोने के जेवरात लूटकर भाग रहे बदमाशों को ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ लिया. ग्रामीण कई किलोमीटर तक बदमाशों का पीछा करते रहे और धान के खेत में घेरकर उन्हें दबोच लिया. इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपियों की पिटाई कर दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों को हिरासत में लिया. उनके पास से कथित तौर पर अवैध कट्टे और अन्य असलहे बरामद किए गए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
इटावा में 70 लाख की शराब बरामद, बिहार ले जा रहे थे तस्कर; दो गिरफ्तार
इटावा के जसवंतनगर थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 70 लाख रुपये से अधिक कीमत की 500 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है. पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो राजस्थान के रहने वाले बताए जा रहे हैं. बरामद शराब में 176 पेटी इंपीरियल ब्लू, 136 पेटी रॉयल स्टैग और 188 पेटी रॉयल ग्रीन शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, यह शराब केवल पंजाब में बिक्री के लिए थी और इसे बिहार ले जाया जा रहा था. आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी मिले हैं. ट्रक को एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया है. बिहार में शराबबंदी लागू है और अवैध शराब की तस्करी पर लगातार कार्रवाई की जा रही है.
लखनऊ में प्रेम विवाह से नाराज पूर्व पति ने बेटे संग की महिला की हत्या, नहर किनारे मिला शव
लखनऊ के काकोरी में 35 वर्षीय प्रेमा यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पूर्व पति राजू यादव और 17 वर्षीय बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. दोनों पर हत्या की साजिश रचने और चाकू से गला रेतकर प्रेमा की हत्या करने का आरोप है. पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है. बताया गया कि प्रेमा की करीब 18 साल पहले राजू यादव से शादी हुई थी और उनका एक 17 वर्षीय बेटा है. करीब सात महीने पहले प्रेमा ने पड़ोस में रहने वाले प्रदीप से प्रेम विवाह कर लिया था और उसके साथ रहने लगी थी. आरोप है कि इसी बात से नाराज राजू ने बेटे के साथ मिलकर प्रेमा की हत्या की साजिश रची. बेटे के जरिए उसे गांव के बाहर नहर के पास बुलाया गया, जहां कथित तौर पर चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी गई. इसके बाद शव को नहर किनारे झाड़ियों में फेंककर दोनों फरार हो गए. प्रेमा का शव कल गौहरामऊ गांव के बाहर मिला था.
मऊ में भीषण सड़क हादसा, कार-बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत
मऊ के सरायलखंसी थाना क्षेत्र में NH-29 वाराणसी-गोरखपुर मार्ग पर शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां मोटरसाइकिल और कार की जोरदार टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
UP में सरकारी नौकरी का बड़ा अभियान, 19 सितंबर से शुरू होगी 1 लाख नियुक्तियों की प्रक्रिया
उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरियों को लेकर बड़ा अभियान 19 सितंबर से शुरू होने जा रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में चार विभागों के चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे. मुख्यमंत्री ने 16 सितंबर को गोरखपुर में अगले छह महीने में करीब 1 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की थी. इसमें पुलिस और होमगार्ड के करीब 77 हजार पद शामिल होने की बात सामने आई है. इसके अलावा शिक्षक भर्ती के लिए 15,012 पदों पर आवेदन प्रक्रिया 16 सितंबर से शुरू हो चुकी है. पुलिस और राजस्व विभाग में भी भर्ती प्रक्रियाएं जल्द शुरू होने की जानकारी दी गई है. सरकार के अनुसार, पिछले वर्षों में भी बड़ी संख्या में सरकारी नियुक्तियां की गई हैं.
लखनऊ में बुजुर्ग विधवा की गला रेतकर हत्या, घर में मिला शव; छत के रास्ते घुसा था हत्यारा
अयोध्या में आकार ले रहा अंतर्राष्ट्रीय राम कथा संग्रहालय, 80% सिविल वर्क पूरा; 7D तकनीक से दिखेगा रामायण काल
अयोध्या में अंतर्राष्ट्रीय राम कथा संग्रहालय का निर्माण तेजी से चल रहा है. संग्रहालय का करीब 80 फीसदी सिविल वर्क पूरा हो चुका है. यहां रामायण कालीन प्रसंगों को आधुनिक तकनीक के जरिए जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा. संग्रहालय में करीब 20 वीथिकाएं तैयार की जा रही हैं, जिनमें से पांच पूरी तरह तैयार हो चुकी हैं. श्रद्धालु 7D तकनीक के जरिए रामायण कालीन परिवेश का अनुभव कर सकेंगे. वहीं, रामोत्सव वीथिका में रामनवमी, विवाह पंचमी और दीपोत्सव की झलक देखने को मिलेगी. अगले महीने तक सिविल वर्क पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके बाद प्रदर्शनी का काम तेज किया जाएगा. पूरी प्रदर्शनी तैयार होने में करीब 8 से 9 महीने लगने की उम्मीद है.
सीएम योगी से मिले केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, 5-कालिदास मार्ग पर हुई शिष्टाचार भेंट
लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने शिष्टाचार भेंट की. यह मुलाकात मुख्यमंत्री के सरकारी आवास 5-कालिदास मार्ग पर हुई. दोनों नेताओं के बीच पर्यावरण और वन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जानकारी सामने आई है.
बरेली में मोटरसाइकिल चोर गैंग का पर्दाफाश, सरगना समेत 3 गिरफ्तार; 4 बाइक बरामद
बरेली में थाना किला पुलिस ने मोटरसाइकिल चोर गैंग का पर्दाफाश करते हुए गैंग सरगना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं. पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बरेली और आसपास के जिलों में रेकी करने के बाद बाइक चोरी करते थे. इसके बाद मोटरसाइकिल के पार्ट्स काटकर उन्हें अलग-अलग बेच देते थे. वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को यह सफलता मिली. मामले में आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.



