वाराणसी एयरपोर्ट पर पायलट ने कान में दर्द की वजह से इंडिगो की वाराणसी-बेंगलुरु विमान को उड़ाने से मना कर दिया। जिसके बाद दूसरा पायलट विमान लेकर रवाना हुआ। वहीं, देरी की वजह से यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा किया। बता दें कि एक हफ्ते के भीतर इंडिगो का ये दूसरा मामला है।
UP News: यूपी के वाराणसी स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार को इंडिगो के वाराणसी-बेंगलुरु विमान को उड़ाने से पायलट ने मना कर दिया। जिसके बाद शाम 5:05 बजे दूसरा पायलट विमान लेकर रवाना हुआ। वहीं, देरी की वजह से यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा किया। सूचना पर सीआईएसएफ जवानों के साथ इंडिगो के अधिकारी पहुंचे और समझाकर यात्रियों को बाहर निकाला।
एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक इंडिगो एयरलाइंस का विमान संख्या 6ई 6559 को वाराणसी से 178 यात्रियों को लेकर सुबह 11:55 बजे बेंगलुरु के लिए उड़ान भरना था। पायलट ने कान में दर्द का हवाला देते हुए विमान ले जाने से मना कर दिया। सूचना पर यात्रियों में खलबली मच गई। वे एयरलाइंस पर लापरवाही का आऱोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। एयरलाइंस अधिकारियों ने यात्रियों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद विमान से यात्रियों को उतारकर टर्मिनल भवन में बैठाया गया।
यात्रियों की एयर लाइंसकर्मियों से तीखी नोकझोंक
इस दौरान तय समय पर गतंव्य तक न पहुंच पाने से नाराज यात्रियों की एयर लाइंसकर्मियों से नोकझोंक भी हुई। दूसरे पायलट को दिल्ली के विमान से बुलाकर देर शाम फ्लाइट को रवाना किया गया। बता दें कि बीते गुरुवार को भी इंडिगो के ही एक पायलट ने तबीयत का हवाला दे विमान उड़ाने से मना कर दिया था।
शाम में उड़ा विमान
दोपहर 11.55 बजे बेंगलुरु के लिए उड़ान भरने वाला विमान शाम करीब 4.45 बजे करीब पौने पांच घंटे देर से रवाना हुआ। एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि विमान बेंगलुरू से वाराणसी आया था। लैंडिंग के बाद पायलट की तबीयत खराब हो गई थी। मेडिकल जांच में पायलट को उड़ान संचालन के लिए उपयुक्त नहीं पाया गया। इसके बाद एयरलाइंस ने दिल्ली से दूसरे पायलट की व्यवस्था कर विमान को बेंगलुरु रवाना किया। इस दौरान यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखते हुए एयरपोर्ट प्रबंधन ने भोजन उपलब्ध कराया।
इंडिगो का ये दूसरा मामला
वाराणसी एयरपोर्ट पर विमान उड़ाने से पायलट के इनकार का यह दूसरा मामला है। बीते गुरुवार को भी मुंबई जाने वाले इंडिगो के विमान (संख्या 6ई 6544) के पायलट ने उड़ान से मना कर दिया था। तब बोर्डिंग की तैयारियां ही चल रही थीं। यात्री टर्मिनल बिल्डिंग के सिक्योरिटी होल्ड एरिया में इंतजार कर रहे थे।
जानकारी के मुताबिक संबंधित पायलट की ड्यूटी का समय पूरा हो चुका था, वह नियमानुसार आगे की उड़ान से पहले आराम चाह रहा था। ड्यूटी रोस्टर और प्रबंधन के बीच समन्वय की कमी से यह स्थिति उत्पन्न हुई। यात्रियों के कड़े विरोध और हंगामे पर इंडिगो प्रबंधन ने दूसरे पायलट को हैदराबाद से बुलाया। एयरलाइंस के अधिकारियों ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था शुरू कर दी।



