मथुरा के सुरीर क्षेत्र के सुदामा गढ़ी गांव में हाईवोल्टेज से करीब 20 घरों में करंट दौड़ गया। सिलाई मशीन में करंट आने से 14 वर्षीय दीक्षा की मौत हो गई, जबकि दो लोग झुलस गए। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाकर जांच की मांग की है।

symbolic pic
मथुरा के सुरीर के गांव सुदामा गढ़ी में सुबह के समय हाईवोल्टेज के कारण कई घरों के उपकरणों में करंट दौड़ पड़ा। घटना में एक किशोरी की मौत हो गई और दो लोगों को करंट का तेज झटका लगा। इसके गांव में अफरा-तफरी मच गई। सुदामा गढ़ी निवासी दीक्षा (14) पुत्री जितेन्द्र सिंह घर पर सिलाई कर रही थी। इसी दौरान बिजली से चलने वाली सिलाई मशीन में हाईवोल्टेज के कारण करंट आ गया। करंट लगने से किशोरी अचेत हो गयी। घर में हड़कंप मच गया। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हाईवोल्टेज से कई घरों में दौड़ा करंट
वहीं हाईवोल्टेज के कारण परमानन्द भी करंट की चपेट में आ गया। कूलर में करंट आने से एक अन्य किशोरी नूपुर को झटका लगा। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जांच कराए जाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया, इस गांव में तीन ट्रांसफार्मर हैं। सुबह एक ट्रांसफार्मर में हाई वोल्टेज हुए। करीब 20 घरों में हाईवोल्टेज करंट दौड़ गया। ग्रामीणों का कहना है कि करीब एक-दो मिनट वोल्टेज हाई रहे, फिर सामान्य हो गए।
घटना के विरोध में ग्रामीणों ने बिजलीघर घेरा
सुरीर क्षेत्र में खराब बिजली व्यवस्था और विद्युत लाइनों की समस्याओं को लेकर ग्रामीण अपनी नाराजगी जाहिर करते रहे हैं। 24 अगस्त को ग्रामीणों ने सुरीर के परसोती गढ़ी स्थित बिजलीघर पर धरना-प्रदर्शन कर विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग की थी। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद विद्युत व्यवस्था में कोई संतोषजनक सुधार नहीं किया गया, जिसके चलते आए दिन विद्युत दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने मांग की है कि सुदामा गढ़ी में हुए हादसे की जांच कराई जाए, हाईवोल्टेज आने के कारणों का पता लगाया जाए तथा क्षेत्र की विद्युत लाइनों, ट्रांसफार्मरों को सही किया जाए।
एक्सईएन बोले- लाइन ट्रिप हुई
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग यदि समय रहते विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त नहीं करता है तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने मृत किशोरी के परिवार को उचित आर्थिक सहायता दिए जाने तथा जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय किए जाने और जल्द से जल्द विद्युत् व्यवस्था मे सुधार की मांग की है। सुरीर के कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार डागर ने बताया कि हाई वोल्टेज के कारण करंट आने से किशोरी की मौत की सूचना पर पुलिस पीड़ित के घर पहुंची थी लेकिन परिजनो ने किसी भी कार्रवाई से मना कर दिया। वहीं एक्सईएन, मांट दीपक कुमार ने कहा कि यह हाई वोल्टेज का मामला नहीं है। इस प्रकार की समस्या होती तो लाइन ट्रिप हो जाती। इलेक्ट्रिक सिलाई मशीन में करंट आने से यह दुर्घटना हुई होगी।


