देवरिया में वैशाली एक्सप्रेस से सिवान से गोरखपुर ले जाए जा रहे 30.23 लाख रुपये जीआरपी ने बरामद किए। पुलिस ने राजस्थान निवासी कैरियर को गिरफ्तार किया। आयकर विभाग ने पांच घंटे पूछताछ की, लेकिन युवक रकम के कागजात नहीं दिखा सका। पुलिस को हवाला के रुपये होने का शक है।

देवरिया में वैशाली एक्सप्रेस से तीस लाख कैश बरामद
देवरिया में वैशाली एक्सप्रेस से सिवान से गोरखपुर भेजा जा रहा 30.23 लाख रुपये राजकीय रेलवे पुलिस देवरिया ने बरामद किया है। साथ ही राजस्थान के रहने वाले एक कैरियर को पुलिस ने दबोच लिया। रविवार को गोरखपुर से पहुंची आयकर विभाग की टीम ने पांच घंटे तक पकड़े गए युवक से पूछताछ की हालांकि वह कोई कागजात नहीं दिखा सका। पुलिस को शक है कि युवक हवाला का रुपए लेकर जा रहा था। दिल्ली जा रही वैशाली एक्सप्रेस शनिवार को देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन में जीआरपी गश्त कर रही थी। पुलिसकर्मियों को देख पीट्ठू बैग लिया एक युवक हड़बड़ाहट में दिखा। उसी दौरान ट्रेन खुल गई। संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने देवरिया से गोरखपुर के बीच युवक को दबोच लिया।
बैग से मिली नोटों की गड्डियां
बैग की तलाशी ली गई तो रुपये की गड्डी से भरा था। यह देख पुलिसकर्मी अवाक रह गए और युवक को लेकर देवरिया सदर रेलवे स्टेशन के जीआरपी थाने पर पहुंचे। जांच में 30 लाख 23 हजार 200 रुपये बैग से बरामद किए गए। पूछताछ में युवक ने अपना नाम मुकेश शर्मा पुत्र राजकुमार निवासी बीनादेशर थाना राजनदेशर जिला जुरू राजस्थान प्रांत बताया। उसने बताया कि वह गोरखपुर के कूड़ाघाट स्थित काली मंदिर के समीप किराये के कमरे में रहता है। यह रुपया वह सिवान जिले से अपने भाई के कहने पर लेकर गोरखपुर जा रहा था, एक व्यक्ति को देना था।
कोई दस्तावेज पेश नहीं कर पाया
गोरखपुर पहुंचते ही भाई का फोन आता और संबंधित को रुपया दे दिया जाता। वह रुपया लेनदेन का ही केवल काम करता है। एक लाख पर उसे 400 से 500 रुपये मिलते हैं। प्रभारी निरीक्षक जीआरपी राजेश पांडेय ने बताया कि युवक को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। गोरखपुर से पहुंची आयकर विभाग की भी टीम ने जांच की है। रुपये को लेकर उसने कोई कागजात या गवाह पेश नहीं किया है।



