अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया ने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि, ‘हम इंडस्ट्रियल केमिकल के स्रोत, डिस्टिलरी से संभावित संरक्षण और नकली बोतल, ढक्कन, होलोग्राम और लेबल सप्लाई करने वाले सिंडिकेट की जांच कर रहे हैं।’
मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब पीने से हुई 16 लोगों की मौत मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी रवि लखेरा (45) को शुक्रवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पर 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। लखेरा पर 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं, गिरफ्तारी से पहले हुई गोलीबारी के दौरान उसके पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। लखेरा पर लाइसेंसी शराब ठेकेदार मनीष लोधी उर्फ यशवंत सिंह लोधी के साथ मिलकर नकली शराब बनाने और उसे सागर जिले में तस्करों के जरिए खपाने का आरोप है।
मामले की जानकारी देते हुए सागर के पुलिस अधीक्षक (SP) अनुराग सुजानिया ने कहा, ‘बरयथा पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी बांदा-बरयथा रोड पर हनुमान टोंग मंदिर के पास छिपा हुआ है। जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए, बांदा पुलिस स्टेशन के टाउन इंस्पेक्टर आनंद सिंह और बरयथा के टाउन इंस्पेक्टर अरविंद सिंह ने अपनी-अपनी टीमों के साथ जंगल वाले इलाके की घेराबंदी कर दी। आमना-सामना होने पर लखेरा ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।’
अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने कम से कम तीन राउंड गोली पुलिस पर चलाई थी, वहीं पुलिस ऐक्शन में उसके पैर में गोली लगी।’ उन्होंने बताया कि, ‘आरोपी से एक देसी 12-बोर पिस्तौल, कारतूस, इस्तेमाल किए गए कारतूस के खोल और एक बाइक बरामद की गई है, जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर उसके दो साथी भागने में सफल रहे और उनकी तलाश जारी है।’ एक अन्य अधिकारी ने बताया कि घायल लखेरा को इलाज के लिए पड़ोसी उत्तर प्रदेश के बांदा स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर है।
राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आरोपी को गिरफ्तार करने को लेकर पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है। साथ ही कहा है कि, ‘किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। नशीले पदार्थों के सेवन के खिलाफ भी अभियान चलाया जा रहा है, और नशीले पदार्थों के व्यापार में शामिल लोगों को लखेरा की तरह ही गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।’
बता दें कि जहरीली शराब पीने से जिले में 16 लोगों की मौत हुई है, जबकि 32 अन्य का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इस मामले में पुलिस ने अबतक 30 लोगों को आरोपी बनाया है, जिनमें से 16 को गिरफ्तार कर लिया गया है और एक को हिरासत में लिया गया है, जबकि 13 लोग फिलहाल फरार हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के ललितपुर स्थित गंगापुरम कॉलोनी निवासी लखेरा के खिलाफ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और अन्य स्थानों पर करीब 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें ज्यादातर मामले आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज हैं। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के महोबा जिले का रहने वाला है, जहां उसके माता-पिता रहते हैं। सूत्रों ने बताया कि लखेरा सागर के बहेरिया थाने में वर्ष 2025 में दर्ज अवैध शराब बनाने के एक मामले में भी वांछित था।
पुलिस जांच में पता चला कि, लखेरा जहरीली शराब बनाने और उसकी सप्लाई करने का माहिर खिलाड़ी है। लखेरा ने बरैठी के लाइसेंस प्राप्त ठेकेदार मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर और करणी सेना के डिविजनल प्रेसिडेंट चंद्रभान सिंह राजपूत उर्फ चंदू को इंडस्ट्रियल केमिकल उपलब्ध कराए थे। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से ठीक दो दिन पहले, इस समूह ने जहरीली शराब तैयार की और उसे सरकारी अधिकृत दुकानों के जरिए गांवों में अवैध बिक्री केंद्रों तक 20 रुपए कम कीमत पर पहुंचाया था।



