मुख्यमंत्री मोहन यादव को लिखे अपने पत्र में पटवारी ने कहा था कि राहुल गांधी का कार्यक्रम कोई आम राजनीतिक आयोजन नहीं है, बल्कि देश का भविष्य, युवाओं के सपने, शिक्षा का अधिकार और शिक्षा प्रणाली की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित एक जन-संवाद है।
कांग्रेस पार्टी ने इंदौर में होने वाले राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को एक हफ्ते के लिए टाल दिया है। पार्टी ने यह फैसला शहर के एक स्टेडियम में कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति नहीं मिलने के बाद लिया। यह कार्यक्रम पहले 12 सितंबर को होने वाला था, लेकिन अब इसका आयोजन 19 सितंबर को किया जाएगा। इस बारे में जानकारी देते हुए पार्टी ने बताया कि मध्य प्रदेश सरकार से स्टेडियम में कार्यक्रम करने की मंजूरी न मिलने के कारण इंदौर में राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम एक सप्ताह के लिए टालकर 19 सितंबर कर दिया गया है। उधर सत्ताधारी भाजपा ने कांग्रेस के तर्क को खारिज करते हुए कहा है कि नेहरू स्टेडियम में केवल खेल गतिविधियों या राज्य-स्तरीय सरकारी कार्यक्रमों की अनुमति है।
अब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर आएंगे और यहां आयोजित प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में प्रदेशभर के विद्यार्थियों एवं युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, पेपर लीक, युवाओं के अधिकार और भविष्य से जुड़े विषयों पर छात्रों की बात सुनी जाएगी। कांग्रेस ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए इंदौर और आसपास के इलाकों से 50,000 छात्रों को जुटाने की कोशिश कर रही है।
पटवारी ने दी कार्यक्रम में बदलाव की जानकारी
इस बारे में जानकारी देते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा नेहरू स्टेडियम उपलब्ध कराने से इनकार करने के बाद, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम अब 12 सितंबर के बजाय 19 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। इंदौर में कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर हुई बैठक के दौरान घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब नई जगह ढूंढेगी और उसी के अनुसार व्यवस्था करेगी।
कांग्रेस बोली- आयोजन से डर गई भाजपा
उधर 12 तारीख के आयोजन की अनुमति नहीं मिलने के बाद कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार विपक्ष के नेता राहुल गांधी के आगामी कार्यक्रम से डर गई है, वहीं BJP ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यक्रम में लोगों को जुटाने में अपनी विफलता को छिपाने के लिए बहाने बना रही है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी में मध्य प्रदेश मामलों के प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा, ‘भाजपा सरकार राहुल गांधी के कार्यक्रम से डरी हुई है। इसीलिए वह नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति नहीं दे रही है।’
भाजपा बोली- हम कोर्ट के आदेश का पालन कर रहे
वहीं भाजपा की राज्य इकाई के सह-मीडिया प्रभारी आलोक दुबे ने कहा कि गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम को छात्रों का समर्थन नहीं मिल रहा था, और कांग्रेस अपनी कमियों को छिपाने के लिए सत्ताधारी पार्टी पर झूठे आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा, ‘हमारी सरकार नेहरू स्टेडियम के संबंध में हाई कोर्ट के पुराने आदेश का पालन कर रही है।’
मेयर बोले- नेहरू स्टेडियम में होंगी केवल खेल गतिविधियां
स्टेडियम इंदौर नगर निगम के नियंत्रण में आता है। मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि हाई कोर्ट के आदेश के अनुसार, नेहरू स्टेडियम में केवल खेल गतिविधियां या राज्य-स्तरीय सरकारी कार्यक्रम ही आयोजित किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस पार्टी अच्छी तरह जानती है कि वह राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए बड़ी संख्या में छात्रों को इकट्ठा नहीं कर पाएगी, और इसीलिए वह बहाने बना रही है।’
पटवारी ने आयोजन के लिए सीएम को लिखा था पत्र
गांधी के कार्यक्रम की तारीख में बदलाव की घोषणा से पहले, राज्य कांग्रेस प्रमुख पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर 12 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम के लिए स्टेडियम उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। उन्होंने पत्र में कहा था कि गांधी का कार्यक्रम कोई आम राजनीतिक आयोजन नहीं है, बल्कि देश का भविष्य, युवाओं के सपने, शिक्षा का अधिकार और शिक्षा प्रणाली की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित एक जन-संवाद है।
क्या है ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम?
‘छात्रों की गूंज’ कांग्रेस द्वारा शुरू किया गया एक छात्र-संवाद अभियान है, जिसके तहत देश भर के विभिन्न शहरों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस अभियान के माध्यम से, विपक्षी पार्टी परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक, महंगी शिक्षा, सरकारी भर्तियों में अनियमितताओं और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सत्ताधारी भाजपा को घेरने की कोशिश कर रही है।
पिछले तीन महीनों में, पार्टी ने कोटा (राजस्थान), देहरादून (उत्तराखंड), प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) और पुणे (महाराष्ट्र) में यह कार्यक्रम आयोजित किया है।



