
संवाददाता। विशाल गुप्ता।
सोनभद्र। आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर, केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के फायर विंग, RHSTPP रिहंद द्वारा दिनांक 27.10.2026 को आईटीआई नकटू, बीजपूर में अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के 90 प्रशिक्षणार्थियों एवं कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा तथा आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। उन्हें आग लगने के प्रमुख कारणों, विद्युत उपकरणों के सुरक्षित उपयोग, पटाखों को सावधानीपूर्वक जलाने, आग लगने की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर जाने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले आवश्यक सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त, विभिन्न प्रकार के अग्निशामक यंत्रों के सही उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया, जिससे प्रशिक्षणार्थियों एवं कर्मचारियों को आग लगने की प्रारंभिक अवस्था में प्रभावी कार्रवाई करने की जानकारी मिल सके।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों एवं कर्मचारियों को अग्नि दुर्घटनाओं के प्रति जागरूक करना, आग लगने की स्थिति में सही एवं त्वरित कार्रवाई करने के लिए प्रशिक्षित करना तथा संस्थान में अग्नि सुरक्षा के प्रति सतर्कता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था। साथ ही, दीपावली के दौरान पटाखों एवं विद्युत उपकरणों के सुरक्षित उपयोग को बढ़ावा देना और संभावित अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों का प्रचार-प्रसार करना भी कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य रहा।
कार्यक्रम के अंत में CISF फायर विंग द्वारा सभी से अपील की गई कि वे अग्नि सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करें, स्वयं सतर्क रहें तथा दूसरों को भी जागरूक करें, ताकि सभी लोग सुरक्षित वातावरण में दीपावली का पर्व मना सकें।
“सतर्क रहें, सुरक्षित रहें — अग्नि सुरक्षा अपनाएँ, सुरक्षित दीपावली मनाएँ।”
