एम्स दिल्ली में होगा बच्ची का लीवर ट्रांसप्लांट कहकर एक शख्स ने बच्ची के परिवार से लाखों हड़प लिए। इसके बाद उन्हें एम्स दिल्ली के फर्जी बिल दे दिया। एम्स दिल्ली पहुंचकर सच्चाई की जानकारी हुई। परिवार ने बच्ची का इलाज मुंबई में शुरू करवाया है।
यूपी के देवरिया में एक बच्ची के लीवर ट्रांसप्लांट के नाम पर ठगी की गई। लखनऊ में स्वास्थ्य विभाग से जुड़े एक युवक द्वारा डेढ़ वर्ष की बच्ची का एम्स दिल्ली में लीवर टांसप्लांट कराने के नाम पर 4.14 लाख रुपये की ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। रकम लेने के बाद फर्जी बिल दिए गए लेकिन एम्स दिल्ली में नका कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। मामले में पुलिस को शिकायत दर्द करवाई गई। इस मामले में सलेमपुर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज किया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामले में मिली जानकारी के अनुसार सलेमपुर कोतवाली के जमुआ नंबर निवासी पंकज चौहान के भाई की डेढ़ वर्षीय बेटी मान्या चौहान को जन्म से ही लीवर में कुछ दिक्कत है। डाक्टर ने लीवर टांसप्लांट कराने की सलाह दी। महंगे इलाज से थोड़ी राहत पाने के लिए पंकज चौहान ने एम्स दिल्ली मे बच्ची का ट्रांसप्लांट कराने को सोचा, जिसको लेकर पंकज चौहान ने अपने एक मित्र के जरिए लखनऊ में स्वास्थ विभाग से जुड़े हर्षित पाठक से संपर्क किया।
हर्षित पाठक ने एम्स दिल्ली में बच्ची के लीवर ट्रांसप्लांट कराने के लिए पंकज चौहान के परिवार से चार लाख से अधिक रूपये अप्रैल माह में ले लिया और एम्स में भर्ती के लिए फर्जी बिल भेज दिया। बच्ची को लेकर परिजन जब एम्स पहुंचे तो पता चला कि अस्पताल की तरफ से तो काई बिल ही नहीं दिया गया है। एक सप्ताह तक चक्कर काटने के बाद परिजन परेशान होकर बच्ची को मुंबई के एक निजी अस्पताल ले गए, वहीं बच्ची का निजी खर्चे से लीवर टांसप्लांट करा रहे हैं।
इस मामले में परिवार ने सलेमपुर कोतवाली में पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने जौनपुर निवासी हर्षित पाठक के विरुद्ध धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। फर्जी बिलों की जानकारी मिली है। एम्स दिल्ली से भी जानकारी निकाली जा रही है। वहीं. लखनऊ स्वास्थ्य विभाग से भी जानकारी ली जाएगी। आरोपी को पकड़ने की भी तैयारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच के बाद आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



