UP News and Updates in Hindi : उत्तर प्रदेश से जुड़ी आज की बड़ी और ताजा खबरों के लिए बने रहिए न्यूज18 के साथ. यूपी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के जश्न के बीच कई जिलों से हादसे और विवाद की खबरें सामने आईं. मथुरा में 500 ड्रोन से कृष्ण लीलाओं का भव्य प्रदर्शन हुआ, तो मेरठ पुलिस लाइन में अफसर परिवार के साथ भजनों पर झूमते नजर आए. वहीं उन्नाव में पति पर पत्नी को गंगा में धक्का देने का आरोप लगा. शाहजहांपुर में आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत हो गई, जबकि गोरखपुर में छात्रा को सजा देने पर उसके पिता ने स्कूल में हेड टीचर की पिटाई कर दी. सुल्तानपुर में भी डंपर की टक्कर से मां-बेटी की जान चली गई.
September 5, 202611:36 IST
12 महीने से वेतन नहीं मिला, PHC डॉक्टर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर
बहराइच के सुजौली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात डॉक्टर रामपाल सिंह पिछले 12 महीनों से वेतन न मिलने के विरोध में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए हैं. डॉक्टर ने PHC के बाहर धरना शुरू किया है. खास बात यह है कि धरने के दौरान भी वह बाहर मरीजों का इलाज कर रहे हैं. डॉक्टर का कहना है कि लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. मामला सुजौली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का है.
September 5, 202610:42 IST
आगरा में 6 करोड़ की चांदी बरामद, मूंगफली की बोरियों में छिपाकर ले जा रहे थे
आगरा में स्टेट GST की टीम ने चेकिंग के दौरान करीब 250 किलो चांदी बरामद की है, जिसकी कीमत 6 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है. टीम सैंया टोल प्लाजा पर ई-वे बिल की जांच के लिए अभियान चला रही थी. इसी दौरान एक बस की तलाशी लेने पर मूंगफली की बोरियों और स्पेयर पार्ट्स के बीच चांदी छिपी मिली. जांच में कई संदिग्ध बिल भी मिले हैं. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक चांदी को पहले बस से राजकोट से इंदौर और फिर इंदौर से आगरा भेजा गया था. स्टेट GST विभाग की टीम दस्तावेजों और चांदी के स्रोत की जांच कर रही है.
September 5, 202610:41 IST
कानपुर में समोसा फैक्ट्रियों पर छापा, 3200 कच्चे समोसे नष्ट
कानपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की 4 सदस्यीय टीम ने रेलवे स्टेशन के पास तीन समोसा निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की. जांच में मानकों के विपरीत और गंदगी के बीच खाद्य सामग्री तैयार होती मिली. टीम ने 3200 कच्चे समोसे, डेढ़ क्विंटल कच्चे आलू और 50 किलो आलू मसाला नष्ट कराया, जबकि 2500 किलो मैदा सील कर दिया. बंटू, शोएब और नंदू के नाम से चल रहे इन प्रतिष्ठानों से कानपुर सेंट्रल स्टेशन समेत कई जगहों पर समोसे की सप्लाई की जाती थी. टीम ने मिर्च, हल्दी पाउडर, तेल और आलू मसाले समेत 7 सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं.
September 5, 202610:41 IST
उन्नाव में गंगा में कूदी महिला, पति पर फेंकने का आरोप
उन्नाव में परियर-बिठूर पुल पर देर रात एक महिला के गंगा में गिरने से हड़कंप मच गया. आरोप है कि पति सुजीत राजपूत ने पत्नी उषा को गंगा की धारा में फेंक दिया. बताया जा रहा है कि साढ़ू का हाथ टूटने की सूचना पर सुजीत पत्नी को मायके लेकर गया था. मायके से लौटते समय पुल पर घटना हुई. पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. गंगा में गिरी महिला की तलाश जारी है. मामला सफीपुर थाना क्षेत्र के परियर का है.
September 5, 202610:41 IST
बलिया में बड़ा हादसा: बाढ़ के पानी में SDRF की बोट पलटी
बलिया के शिवपुर परानपुर गांव में बाढ़ में डूबे युवक की तलाश के दौरान SDRF की टीम की तेज रफ्तार बोट पलट गई. बोट में SDRF के चार जवान और एक स्थानीय दरोगा सवार थे. हादसे के बाद JCB, स्थानीय लोगों और नाविकों की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. बताया जा रहा है कि SDRF की टीम बिहार से बाढ़ के पानी में डूबे युवकों की तलाश के लिए परानपुर पहुंची थी. घटना बलिया कोतवाली थाना क्षेत्र की है. मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी कृष्णा यादव ने हादसे की जानकारी दी.
September 5, 202610:41 IST
नशे में धुत कंटेनर का कहर, तीन बाइक सवारों की मौत
कुशीनगर में तेज रफ्तार और कथित तौर पर नशे में धुत कंटेनर चालक ने अलग-अलग जगहों पर तीन बाइक सवारों को टक्कर मार दी. हादसों में मोतीलाल (36), चंद्रेश राजभर (15) और सुभाष पाण्डेय (30) की मौत हो गई. कंटेनर पडरौना से कप्तानगंज की ओर जा रहा था. अब्दुलचक गांव के पास पहली बाइक को टक्कर मारने के बाद चालक भागने लगा. इसके बाद चंदरपुर और गोबरही चौराहे के पास दो अन्य बाइक सवारों को टक्कर मारी. गोबरही में एक युवक को करीब आधा किलोमीटर तक घसीट दिया. लोगों ने विशुनपुरा मोड़ के पास कंटेनर को घेरकर चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कंटेनर कब्जे में ले लिया है. मामले की जांच जारी है.
September 5, 202610:19 IST
गाजियाबाद में जबरन अस्पताल में घुसे दलित एक्टिविस्ट के समर्थक-हंगामा
मेरठ कमिश्नरी के बाहर दलित समाज से जुड़े मुद्दों को लेकर धरना दे रहे रवि गौतम को गाजियाबाद के संतोष अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां समर्थकों ने अस्पताल में अंदर घुसने की कोशिश की. इस दौरान पुलिस और सुरक्षाकर्मियों से भी धक्का मुक्की हुई. हंगामे के बाद अस्पताल के बाहर पुलिस तैनात कर दी गई है. इससे पहले रवि गौतम को मेरठ पुलिस ने जबरन धरने से उठाया, मामला न भड़के इसलिए गाजियाबाद में भर्ती कराया है.
September 5, 202609:30 IST
रिश्वत लेते वीडियो वायरल, वन दरोगा श्रीनिवास पांडे निलंबित
इटावा के जसवंतनगर में आरा मशीन संचालक से खुलेआम रिश्वत लेते वन दरोगा श्रीनिवास पांडे का वीडियो वायरल होने के बाद विभाग ने सख्त कार्रवाई की है. इटावा के डीएफओ विकास नायक ने वन दरोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. रिश्वत लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले का संज्ञान लिया गया और जांच के बाद यह कार्रवाई की गई.
September 5, 202608:51 IST
डिप्टी CM केशव मौर्य कल प्रयागराज आएंगे, लोक संस्कृति उत्सव में होंगे शामिल
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य रविवार, 6 सितंबर को प्रयागराज दौरे पर रहेंगे. दोपहर 3:15 बजे वह सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से संवाद करेंगे. इसके बाद विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे. शाम 4:50 बजे एनसीजेडसीसी पहुंचकर उत्तर प्रदेश लोक संस्कृति उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. शाम 6 बजे सिविल लाइंस के निजी होटल में प्रयागराज और कौशांबी विकास के अमृत धारा कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. डिप्टी सीएम प्रयागराज में ही रात्रि विश्राम करेंगे.
September 5, 202608:22 IST
बुलंदशहर में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, 17 मुकदमों में आरोपी अरबाज को लगी गोली
बुलंदशहर के स्याना में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस की बदमाश से मुठभेड़ हो गई. बीबीनगर रोड स्थित निर्माणाधीन चौकी के पास दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई. पुलिस की गोली पैर में लगने से बदमाश अरबाज उर्फ पहाड़ी घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अरबाज पर अलग-अलग थानों में 17 मुकदमे दर्ज हैं. बताया जा रहा है कि 3 सितंबर की मुठभेड़ में वह अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था.
September 5, 202607:47 IST
इटावा में रिटायर्ड डाककर्मी ने फांसी लगाकर दी जान, परिवार के जेल जाने से थे परेशान
इटावा के ऊसराहार क्षेत्र के कदमपुर गांव में रिटायर्ड डाककर्मी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि पत्नी की मौत और परिवार के पांच सदस्यों के जेल जाने के बाद से वह परेशान थे. 26 अप्रैल 2025 को एक हिंदू युवती ने जान दे दी थी, जिसके मामले में डाककर्मी, उनकी पत्नी और तीन बेटों को जेल भेजा गया था. पुलिस उत्पीड़न और परिवार के सदस्यों के जेल जाने से दुखी होकर जान देने की बात सामने आई है.
September 5, 202607:46 IST
सर्किट हाउस में नमाज पढ़ने पर सपा नेता पर FIR, वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई
मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में सर्किट हाउस परिसर में नमाज पढ़ने का वीडियो वायरल होने के बाद सपा जिला उपाध्यक्ष हाजी मोहम्मद उस्मान के खिलाफ FIR दर्ज हुई है. वह बिलारी से सपा विधायक मोहम्मद फईम के चाचा बताए जा रहे हैं. सर्किट हाउस प्रभारी अनित कुमार की तहरीर पर PWD विभाग की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है. बताया जा रहा है कि सपा कार्यकर्ता ने ही नमाज पढ़ते हुए उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था.
September 5, 202607:16 IST
यूपी में बच्चों के अश्लील वीडियो बेचने वाली महिला गिरफ्तार
फिरोजाबाद में टेलीग्राम पर बच्चों-युवतियों के अश्लील वीडियो बेचने वाली महिला पकड़ी गई है. वह पहले ग्रुप का सब्सक्रिप्शन लेकर खुद वीडियो डाउनलोड करती थी. फिर 500 से 2000 रुपए में लोगों को इसे बेचती थी. लखनऊ साइबर सेल की सूचना पर गुरुवार शाम 6 बजे पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार किया. महिला खुद 6 साल की बेटी की मां है. मायके में रहने वाली 12वीं पास महिला इतनी शातिर तरीके से ये काम कर रही थी कि घर वालों को भी भनक नहीं लगी. अवैध संबंधों के शक में महिला की दो बार शादी और दोनों बार तलाक हुआ. पुलिस ने रजावली इलाके में रहने वाली महिला को जेल भेज दिया है.
September 5, 202606:40 IST
गाजियाबाद में आवारा कुत्तों को कौन सी वैक्सीन लगी, क्यों छिपा रहा निगम?
शहर में स्ट्रीट डॉग्स की नसबंदी और टीकाकरण को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर राज्य सूचना आयोग ने सवाल उठाए हैं. राज्य सूचना आयुक्त मोहम्मद नदीम ने निगम से पूछा है कि अगर स्ट्रीट डॉग्स को वैक्सीन लगाई जा रही है तो उसकी खरीद भी की जा रही होगी. ऐसे में वैक्सीन कहां से और कितने रुपये में खरीदी गई. इससे संबंधित दस्तावेज कहां है? इन सवालों की जानकारी क्यों नहीं दी जा रही है? एक आरटीआई के जवाब में निगम ने बताया था कि स्ट्रीट डॉग्स की नसबंदी और टीकाकरण का काम एक एनजीओ से कराया जा रहा है. 1 अक्टूबर, 2023 से 15 अप्रैल, 2026 के बीच 22,494 स्ट्रीट डॉग्स की नसबंदी और टीकाकरण किए जाने की जानकारी दी गई थी. आवेदक ने एनजीओ को किए गए भुगतान का ब्योरा मांगा था. निगम ने इसे तीसरे पक्ष के आर्थिक हितों से जुड़ी सूचना बताते हुए जानकारी देने से इनकार कर दिया था.
September 5, 202605:45 IST
छात्रा को मुर्गा बनाने पर भड़का पिता, स्कूल में हेड टीचर की पिटाई
गोरखपुर के गोला इलाके के सरकारी स्कूल में छात्रा को सजा देने पर हंगामा हो गया. आरोप है कि स्कूल देर से पहुंचने पर कक्षा 6 की छात्रा को हेड टीचर ने मुर्गा बनाया था. इसकी जानकारी मिलने पर छात्रा का पिता स्कूल पहुंचा और सभी स्टाफ के सामने हेड टीचर की पिटाई कर दी. आरोप है कि मारपीट में उनके कपड़े भी फाड़ दिए गए. हेड टीचर की तहरीर पर पुलिस ने छात्रा के पिता के खिलाफ मारपीट और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मुकदमा दर्ज किया है. मामले की जांच उप निरीक्षक सुमित कुमार राय को सौंपी गई है.
September 5, 202605:45 IST
मेरठ पुलिस लाइन में जन्माष्टमी की धूम, ADG-DIG-SSP समेत अफसर भजनों पर झूमे
मेरठ पुलिस लाइन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया. इस दौरान ADG, DIG, SSP और SP सिटी समेत पुलिस अधिकारियों ने परिवार के साथ भगवान कृष्ण की भक्ति की. भजनों की धुन पर अधिकारी और पुलिसकर्मी नृत्य करते नजर आए. पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा और बड़ी संख्या में लोग कृष्ण भक्ति में झूमते दिखाई दिए.
September 5, 202605:45 IST
उन्नाव में पत्नी को गंगा में फेंकने का आरोप, पति ने पुलिस को बताया- खुद कूद गई
उन्नाव के सफीपुर इलाके में शुक्रवार शाम पुल के बीच पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि झगड़े के दौरान पति ने पत्नी को गंगा नदी में धक्का दे दिया. घटना के बाद पति ने खुद पुलिस को फोन कर बताया कि उसकी पत्नी गंगा में कूद गई है. पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें पत्नी के अफेयर को लेकर शक करने की बात सामने आई. गोताखोरों की मदद से महिला की तलाश जारी है.
September 5, 202605:45 IST
मथुरा में पहली बार ड्रोन शो से सजी कृष्ण जन्मोत्सव की रात
मथुरा में कान्हा के जन्मोत्सव पर पहली बार भव्य ड्रोन शो का आयोजन हुआ. 500 ड्रोन के जरिए आसमान में भगवान कृष्ण की लीलाओं का अद्भुत प्रदर्शन किया गया. उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की ओर से यह ड्रोन प्रस्तुति कराई गई. हालांकि, बारिश के कारण ड्रोन शो प्रभावित हुआ.



