इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 75, पॉस्को और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है, और उपलब्ध सबूतों और जब्त मोबाइल फोन को जांच में शामिल किया है।

एक्स्ट्रा क्लास के बहाने छात्रा का नंबर लेकर मांगने लगा न्यूड फोटो-वीडियो, आरोपी टीचर गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में दसवीं कक्षा की एक छात्रा को कथित रूप से अश्लील वीडियो और संदेश भेजने तथा उससे न्यूड फोटो-वीडियो मांगने के आरोप में पुलिस ने एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह मामला बांदे थाना क्षेत्र के एक स्कूल का है। आरोपी टीचर का नाम आशीष मंडल (30) है, जो कि शहर के PV-40, पुरुषोत्तम नगर इलाके में रहता है और स्कूल में गणित के शिक्षक के रूप में पिछले 10 साल से पदस्थ है।
पुलिस ने बताया कि 16 अगस्त को स्कूल में गणित विषय की अतिरिक्त क्लास लेने के दौरान आरोपी शिक्षक ने बहाने से दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा से उसका मोबाइल नंबर हासिल किया था।
नंबर लेने के बाद भेजने लगा अश्लील मैसेज
आरोप है कि इसके बाद उसने छात्रा को अश्लील मैसेज और वीडियो भेजने शुरू कर दिए तथा उससे भी न्यूड फोटो-वीडियो भेजने के लिए दबाव बनाया। छात्रा के ऐसा नहीं करने पर आरोपि ने उसे परीक्षा में फेल करने का डर दिखाया, साथ ही अन्य तरीकों से भी मानसिक रूप से परेशान किया।
आरोपी ने छात्रा को दी फेल करने की धमकी
लगातार दबाव से परेशान छात्रा ने घटना की जानकारी अपनी मां को दी। इसके बाद छात्रा की मां ने 20 अगस्त को बांदे थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपी शिक्षक को हिरासत में लिया। जांच के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज किया मामला
बांदे पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 75, पॉस्को और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है, और उपलब्ध सबूतों और जब्त मोबाइल फोन को जांच में शामिल किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जिला जेल कांकेर भेज दिया गया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।



