अपने विवादित बयानों से अक्सर खबरों में बने रहने वाले भाजपा विधायक प्रीतम लोधी एक बार फिर चर्चा में है। इस बार उनके द्वारा महिलाओं को लेकर दिए गए कथित बयान का वीडियो खासा वायरल रहा है।
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के खनियांधाना में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने के विरोध में आयोजित सभा के दौरान पिछोर विधायक प्रीतम लोधी के कथित बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में विधायक महिलाओं को लेकर कुछ गंभीर दावे करते नजर आ रहे हैं। विधायक ने आरोप लगाया कि कुछ लोग महिलाओं को उनके आसपास भेजकर उन्हें फंसाने की कोशिश करते हैं। हालांकि, ‘लाइव हिन्दुस्तान’ इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
वायरल वीडियो में विधायक प्रीतम लोधी ने कथित तौर पर कहा…मेरे पास डाक बंगले पर महिलाओं को पहुंचा देंगे, खुद नहीं आएंगे। जाओ, लड़ो, कुछ कहो..उल्टी-सीधी बात करो। वे आती हैं, उल्टी-सीधी करती हैं, तो मैं समझ जाता हूं कि ये शातिर दिमाग की हैं। एक मोबाइल लेकर बगल में खड़े रहते हैं। हम लड़ेंगे तो ये कुछ कहेगा और कुछ कहेगा तो फंसाने की कोशिश करेंगे।
इन महिलाओं में से ही एक ने मुझे बताया कि ये महिलाएं रचना रच रही हैं, तुम्हारे दाएं-बाएं महिला पहुंचाते हैं। कईयों को तो ऐसी पहुंचा देंगे कि ‘पटा लो’ जाएं। सारे छत्र लगवा देंगे।
20 अगस्त को खनियांधाना में आयोजित सभा में पिछोर विधायक प्रीतम लोधी ने कथित तौर पर कहा कि कुछ लोग उन्हें फंसाने के लिए उनके आसपास महिलाओं को भेजते हैं। विधायक के मुताबिक, कुछ लोग मोबाइल लेकर आसपास खड़े रहते हैं और उनके कुछ कहने का इंतजार करते हैं ताकि बाद में उस वीडियो के जरिये उन्हें निशाना बनाया जा सके।
वायरल वीडियो में विधायक यह भी दावा करते सुनाई दे रहे हैं कि एक महिला ने उन्हें इस तरह की कथित साजिश के बारे में जानकारी दी थी। उनके अनुसार, कुछ महिलाओं को उनके पास भेजकर बातचीत करने या उन्हें ‘पटाने’ की कोशिश की जाती है।
विधायक ने कथित तौर पर यह भी कहा कि जब ऐसी महिलाएं उनके आसपास आती हैं तो उन्हें अंदाजा हो जाता है कि मामला क्या है। उन्होंने महिलाओं के व्यवहार को लेकर भी टिप्पणी की।
प्रीतम लोधी के इस कथित बयान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। बयान को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी चर्चा शुरू हो गई है।



